मऊ :
दिल दहला देने वाली घटना: कूड़ा के ढेर में नवजात के शव मिलने से मचा हड़कंप,जांच में जुटी पुलिस।
दो टूक : मऊ जनपद के कोतवाली थाना नगर क्षेत्र के राजपूत नगर (भीटी) इलाके में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक नवजात शिशु के शव का हिस्सा मिलने की सूचना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और माहौल गमगीन हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्थानीय लोगों ने एक कुत्ते को नवजात के शव के हिस्से को लेकर घूमते देखा। यह दृश्य देखकर लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव के मिले अवशेष को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
पुलिस ने अवशेष को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के क्षेत्र में जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नवजात का शव वहां कैसे पहुंचा और इस घटना के पीछे क्या परिस्थितियां रहीं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हैं, जबकि पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील कर रही है
