शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

मऊ : लखनऊ से लौट रहे कोपागंज के दो युवकों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत।||Mau: Two young men from Kopaganj, returning from Lucknow, died in a tragic road accident.||

शेयर करें:
मऊ : 
लखनऊ से लौट रहे कोपागंज के दो युवकों की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत।
●तहबरपुर में देर रात आर्टिका कार दुर्घटनाग्रस्त,अल्लीपुर गांव में पसरा मातम।
।। संवाददाता देवेन्द्र कुशवाहा ।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र के ग्राम सभा अल्लीपुर के दो युवकों की आजमगढ़ जनपद के तहबरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की सूचना गुरुवार सुबह गांव पहुंचते ही पूरे अल्लीपुर में शोक की लहर दौड़ गई। मृतकों के घरों पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
विस्तार : 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, अल्लीपुर निवासी मनीष यादव (26 वर्ष) पुत्र रामजीत यादव अपने चचेरे भाई को उपचार के लिए लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराने के बाद आर्टिका कार से घर लौट रहे थे। उनके साथ गांव के ही अजीत गोस्वामी (30 वर्ष) पुत्र गौरीशंकर भी मौजूद थे। देर रात लगभग 11:45 बजे तहबरपुर थाना क्षेत्र में उनकी कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है।
गुरुवार सुबह जैसे ही इस हृदयविदारक घटना की सूचना अल्लीपुर गांव पहुंची, पूरे गांव में मातम छा गया। दोनों युवकों के असामयिक निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। ग्रामीणों एवं क्षेत्रवासियों ने शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।