रविवार, 5 जुलाई 2026

मऊ : पुलिस मुठभेड़ में चेन लुटेरा साथी संग गिरफ्तार,पैर में लगी गोली।||Mau: Chain snatcher arrested along with accomplice in police encounter, shot in the leg.||

शेयर करें:
मऊ  : 
पुलिस मुठभेड़ में चेन लुटेरा साथी संग गिरफ्तार,पैर में लगी गोली।
महिला से लूटी गई सोने की चेन बरामद।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना मधुबन पुलिस ने महिला से चेन स्नेचिंग की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक तथा दो अवैध तमंचे व कारतूस बरामद किए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी मधुबन दिनेश दत्त मिश्र के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 2 जुलाई 2026 की शाम स्कूटी से जा रही एक महिला के गले से बाइक सवार बदमाशों ने सोने की चेन छीन ली थी। इस संबंध में थाना मधुबन में मुकदमा दर्ज कर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने भैरोपुर बंधा स्थित मंदिर से राजू चौक जाने वाले मार्ग पर पुलिया के पास घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी नीतीश यादव उर्फ मोनू (20) निवासी बड़कीबारी सोनबरसा बैलौली थाना दोहरीघाट के दाहिने पैर में गोली लगी, जबकि उसका साथी विशाल सोनकर (19) निवासी महुआबारी थाना दोहरीघाट को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से महिला से लूटी गई सोने की चेन, घटना में प्रयुक्त अपाचे बाइक (UP54BC9364), दो देशी तमंचे (.315 बोर), दो खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
बरामदगी के आधार पर थाना मधुबन में एक अन्य मुकदमा धारा 109(1) बीएनएस एवं 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। घायल आरोपी का अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है, जबकि पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी नीतीश यादव के विरुद्ध पूर्व में भी जनपद गोरखपुर के थाना गोला में आपराधिक मुकदमा दर्ज है। मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।