शनिवार, 4 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: 5 साल की उपलब्धियों के साथ सहकारिता को नई उड़ान: जेवर के थोरा में मॉडल पैक्स चौपाल, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: 5 साल की उपलब्धियों के साथ सहकारिता को नई उड़ान: जेवर के थोरा में मॉडल पैक्स चौपाल, किसानों को मिली योजनाओं की जानकारी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 4 जुलाई। सहकारिता विभाग, उत्तर प्रदेश एवं सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में शनिवार को तहसील जेवर के ब्लॉक क्षेत्र स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति (बी-पैक्स) थोरा में "मॉडल पैक्स चौपाल" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, ग्रामीणों एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। चौपाल के माध्यम से किसानों को सरकार की सहकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी देने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर ही समाधान भी किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सहायक निबंधक, सहकारिता गौतमबुद्धनगर विवेक यादव रहे। उनके साथ सहायक निबंधक कार्यालय के अधिकारी, पैक्स सचिव, समिति कर्मचारी तथा क्षेत्र के अनेक किसान एवं ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत ग्राम प्रधान भभोकरा यतेंद्र अत्रि, संचालक मंडल के सदस्य शोभा राम एवं विजय तथा समिति सचिव द्वारा मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ भेंटकर स्वागत करने से हुई। इसके बाद दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

मुख्य अतिथि विवेक यादव ने अपने संबोधन में कहा कि मॉडल पैक्स ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य पैक्स को बहुउद्देशीय सेवा केंद्र के रूप में विकसित करना है, जहां किसानों को बीज, खाद, कृषि ऋण, भंडारण, डिजिटल सेवाएं सहित विभिन्न सरकारी सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा सकें। इससे किसानों की आय बढ़ाने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उन्होंने किसानों से अधिक से अधिक संख्या में पैक्स से जुड़ने का आह्वान करते हुए कहा कि किसान किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), डिजिटल लेनदेन और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को और मजबूत बना सकते हैं। उन्होंने "सहकार से समृद्धि" के संकल्प को दोहराते हुए सहकारिता आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी बल दिया।

चौपाल के दौरान किसानों ने खेती, ऋण, सहकारी समितियों एवं अन्य योजनाओं से जुड़े अपने प्रश्न और समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने सभी शिकायतों और सुझावों को गंभीरता से सुनते हुए कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया तथा शेष समस्याओं के शीघ्र निस्तारण का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम का संचालन सहायक विकास अधिकारी (सहकारिता) आलोक रंजन सिंह ने किया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने क्षेत्र के वरिष्ठ एवं बुजुर्ग किसानों को माल्यार्पण कर सम्मानित किया। अंत में पैक्स प्रबंधक ने सभी अतिथियों, किसानों एवं उपस्थित जनसमुदाय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

चौपाल के सफल आयोजन से क्षेत्र के किसानों में सहकारिता योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ी और उन्हें सरकार की विभिन्न किसान हितैषी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्राप्त हुई।।