मऊ :
पोषण अभियान में लापरवाही पर सीडीओ सख्त,सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की चेतावनी।।
।।देवेन्द्र कुमार।।
दो टूक : मऊ मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में शनिवार को विकास भवन सभागार में जिला पोषण कन्वर्जेंस समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण, छह माह से कम आयु के कुपोषित शिशुओं के प्रबंधन, आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण तथा आधारभूत सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान कई विकासखंडों की प्रगति असंतोषजनक मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी चेतावनी दी।
सीडीओ ने ‘संभव अभियान 6.0’ के अंतर्गत गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के पोषण एवं स्वास्थ्य प्रबंधन की समीक्षा करते हुए विकासखंड दोहरीघाट एवं रतनपुरा की खराब प्रगति पर जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि पोषण अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सुधार नहीं होने पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में छह माह से कम आयु के गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों के ई-कवच पोर्टल पर पंजीकरण की भी समीक्षा की गई। इस दौरान मोहम्मदाबाद गोहना, फतेहपुर मंडाव, परदहा एवं रानीपुर विकासखंडों की प्रगति संतोषजनक नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार के निर्देश दिए गए। सीडीओ ने कहा कि अगली समीक्षा तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार ने बताया कि वर्ष 2024-25 में 50 आंगनबाड़ी भवनों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित था, जिनमें अब तक केवल 14 भवनों का निर्माण पूरा हो सका है। वहीं 215 आंगनबाड़ी केंद्रों में से 202 केंद्रों पर ही पेयजल की व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सकी है।
सीडीओ ने सक्षम आंगनबाड़ी अभियान के अंतर्गत बाला पेंटिंग, रेन वाटर हार्वेस्टिंग एवं पोषण वाटिका से जुड़े सभी लंबित कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बच्चों और माताओं के बेहतर पोषण एवं समग्र विकास के लिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करें और शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।
बैठक में उपायुक्त श्रम एवं रोजगार राजीव कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संतोष उपाध्याय, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी सुशील कुमार, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. बी.के. यादव, अपर जिला पंचायत राज अधिकारी किरण वर्मा, जिला पूर्ति अधिकारी राघवेंद्र सिंह, जिला कार्यक्रम अधिकारी रंजीत कुमार सहित सभी बाल विकास परियोजना अधिकारी एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
