गौतमबुद्धनगर: मोबाइल चोर गिरोह पर सूरजपुर पुलिस का शिकंजा, 12 चोरी के मोबाइल और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की सूरजपुर थाना पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के 12 चोरी के मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल की गई एक मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार दोनों आरोपी पहले भी कई आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं और उनके खिलाफ चोरी, लूट, अवैध हथियार तथा अन्य संगीन धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई 2026 को थाना सूरजपुर पुलिस टीम ने रेलवे लाइन के पास चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध युवकों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उनकी पहचान अरमान उर्फ गब्बर निवासी लोहियानगर, मेरठ तथा साहिल उर्फ बेबे निवासी विलासपुर, दनकौर (हाल निवासी राशिद कॉलोनी, सूरजपुर) के रूप में हुई।
तलाशी लेने पर दोनों आरोपियों के कब्जे से भिन्न-भिन्न कंपनियों के 12 चोरी के मोबाइल फोन बरामद हुए। साथ ही चोरी की घटनाओं में इस्तेमाल की जा रही यूपी-13 सीएच-0240 नंबर की मोटरसाइकिल भी पुलिस ने कब्जे में ले ली। बरामदगी के आधार पर थाना सूरजपुर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी राह चलते लोगों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में मौका देखकर मोबाइल चोरी की घटनाओं को अंजाम देते थे। चोरी किए गए मोबाइलों को बाद में बेचकर आर्थिक लाभ कमाते थे। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि आरोपियों ने जिले और आसपास के क्षेत्रों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है तथा इनके गिरोह में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
जांच के दौरान यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी साहिल उर्फ बेबे के खिलाफ लूट, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं अरमान उर्फ गब्बर भी चोरी, अवैध हथियार, चोरी का माल रखने और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामलों में पहले से वांछित एवं आरोपित रह चुका है। दोनों का लंबा आपराधिक इतिहास होने के कारण पुलिस इनके नेटवर्क की भी गहन जांच कर रही है।
सूरजपुर थाना पुलिस की इस कार्रवाई को मोबाइल चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और चोरी, लूट तथा अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल तत्वों पर कड़ी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।।
