मऊ :
पट्टे की पोखरी से मछली पकड़ने का आरोप,चार पर केस दर्ज।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना कोपागंज क्षेत्र के कसारा ग्राम सभा मे स्थित पट्टी की पोखरी से जबरन मछली पकड़ने का मामला थाने पहुचा। पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार थाना कोपागंज क्षेत्र कसारा गांव निवासी सतीश कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि गाटा संख्या 746 स्थित पोखरी का उन्होंने 10 वर्षों के लिए लगभग 33 लाख रुपये में पट्टा लिया है। आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से मुहम्मदपुर बनस्पति गांव निवासी अमरजीत पुत्र लालधारी, रोशन पुत्र कमलेश, विजय शंकर पुत्र चनरमन राजभर तथा प्रमोद राजभर पुत्र गोरख राजभर उनकी पट्टे की पोखरी में घुसकर मछली पकड़ रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार जब उन्होंने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए मछली पकड़कर आर्थिक नुकसान पहुंचाया।
पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोपागंज थाना पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।
