गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-61 में उमड़ा आस्था का सैलाब, भव्य बाहुड़ा यात्रा में 2000 से अधिक श्रद्धालुओं ने खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ!!
दो टूक//नोएडा, 24 जुलाई। नोएडा के सेक्टर-61 स्थित रॉयल गार्डन इस्टेट परिसर में बने श्री स्वर्ण क्षेत्र मंदिर में शुक्रवार को भगवान श्री जगन्नाथ की बाहुड़ा यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ संपन्न हुई। पहली बार आयोजित इस भव्य धार्मिक आयोजन में सेक्टर-61, 52, 53 और 33 सहित आसपास के क्षेत्रों से आए लगभग 2000 श्रद्धालुओं ने भाग लिया। ओड़िया समाज के साथ-साथ बड़ी संख्या में गैर-ओड़िया श्रद्धालुओं की मौजूदगी ने आयोजन को सांस्कृतिक एकता और धार्मिक समरसता का प्रतीक बना दिया।
सुबह से ही कम्युनिटी सेंटर स्थित मंडप में भगवान श्री जगन्नाथ, बलभद्र, माता सुभद्रा और श्री सुदर्शन की पारंपरिक वैदिक विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद सुबह आठ बजे चारों विग्रहों को सुसज्जित रथों पर विराजमान कर विजय यात्रा का शुभारंभ हुआ। रथ यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, श्रद्धालु जय जगन्नाथ के जयघोष के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय वातावरण में रंगते चले गए।
इस आयोजन का संयुक्त रूप से हिन्दू सम्मिलनी समिति, रॉयल गार्डन इस्टेट मंदिर समिति और सामुदायिक विकास समिति ने सफल संचालन किया। कार्यक्रम से पूर्व 16 जुलाई से 23 जुलाई तक लगातार आठ दिनों तक आचार्य अजय किरण द्वारा श्रीमद्भागवत कथा एवं जगन्नाथ कथा का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
समारोह में नोएडा महानगर के अनेक गणमान्य नागरिकों और जनप्रतिनिधियों ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। इनमें भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद भल्ला, ओमबीर आवाना, मंडल अध्यक्ष रामकिशन यादव, पंकज झा, नोएडा की पूर्व विधायक विमला बाथम, गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि, योगेन्द्र शर्मा, एफओएनईआरडब्ल्यूए (FONERVA) के अध्यक्ष एन.पी. सिंह, डीडीआरडब्ल्यूए (DDRWA) के अध्यक्ष विकास अग्रवाल, भारत विकास परिषद के अध्यक्ष डॉ. राजेश सहाय सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।
आयोजन के मुख्य संयोजक एवं समाजसेवी चार्टर्ड अकाउंटेंट डॉ. मनोरंजन महान्ति तथा सचिव सुश्री नीरू शर्मा के नेतृत्व में करीब 200 स्वयंसेवकों ने पूरे कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को सुचारु रूप से संभाला। श्रद्धालुओं के स्वागत, सुरक्षा, प्रसाद वितरण और अन्य व्यवस्थाओं की व्यापक सराहना हुई।
मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त ज्योतिषाचार्य गुरुजी डॉ. गौतम ऋषि ने पारंपरिक छेड़ा पहँरा सहित अन्य धार्मिक अनुष्ठानों का विधिवत संचालन कराया। इसके पश्चात सुबह नौ बजे रथों को खींचने का शुभारंभ हुआ। कम्युनिटी सेंटर से श्री स्वर्ण क्षेत्र मंदिर तक निकली यात्रा के दौरान सड़क के दोनों ओर खड़े श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के दर्शन कर पुष्पवर्षा की और जयघोष के साथ रथ यात्रा का स्वागत किया।
करीब 11 बजे चतुर्धा मूर्तियां—भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलभद्र, माता सुभद्रा और श्री सुदर्शन—बाहुड़ा यात्रा पूर्ण कर पुनः श्री स्वर्ण क्षेत्र मंदिर पहुंचीं, जहां महाआरती और प्रसाद वितरण के साथ धार्मिक आयोजन का समापन हुआ।
विशेष बात यह रही कि इस पूरे धार्मिक एवं सांस्कृतिक महोत्सव का 'आरंभ टीवी' के माध्यम से सीधा प्रसारण भी किया गया, जिससे देश-विदेश में मौजूद श्रद्धालु भी इस भव्य आयोजन से जुड़ सके। पहली बार आयोजित इस बाहुड़ा यात्रा की सफलता ने नोएडा में भगवान जगन्नाथ की भक्ति और सांस्कृतिक परंपराओं को एक नई पहचान प्रदान की।।
