लखनऊ :
फर्जी बैनामे के खेल का एक और किरदार गिरफ्तार।।
।।संवाददाता : वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोण्डा जनपद के कोतवाली नगर पुलिस टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फर्जी दस्तावेजों के आधार पर जमीन का बैनामा कराने के मामले में वांछित चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कटहाघाट पुल के पास से दबोचा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार कोतवाली नगर मे दर्ज मुकदमे लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर स्थानीय थाना क्षेत्र कटहाघाट पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक नगर कोतवाली क्षेत्र राधाकुंड निवासी एक महिला ने थाने मे नामजद तहरीर देते हुए मुकदमा दर्ज करा रखा था ।
पीडिता का आरोप है कि कुछ लोगों ने कथित रूप से आपसी मिलीभगत कर फर्जी एवं कूटरचित दस्तावेज तैयार किए और उन्हीं के आधार पर वर्ष 2023 में उनकी भूमि का बैनामा करा लिया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों में राकेश तिवारी की कथित संलिप्तता सामने आने पर पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। शुक्रवार को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कटहाघाट पुल के निकट घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन से जुड़े मामलों में फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी करने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। ऐसे मामलों में शामिल किसी भी व्यक्ति के विरुद्ध साक्ष्यों के आधार पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
भूमि संबंधी फर्जीवाड़े के मामलों में हुई इस गिरफ्तारी को कोतवाली नगर पुलिस की अहम सफलता माना जा रहा है। पुलिस का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से फर्जी बैनामे और जमीन कब्जाने वाले गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिलेगी।
