गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस की बड़ी कामयाबी: अंतर्राज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 10 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के नेतृत्व में गौतमबुद्धनगर पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। इसी क्रम में एसीपी प्रवीण कुमार के निर्देशन एवं थाना सेक्टर-126 प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय अंतर्राज्यीय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के तीन शातिर सदस्यों को गिरफ्तार कर उनकी निशानदेही पर 10 चोरी के दोपहिया वाहन (9 मोटरसाइकिल और 1 स्कूटी) तथा एक अवैध .315 बोर तमंचा और जिंदा कारतूस बरामद किया है।
गोपनीय सूचना पर दबिश, तीन शातिर गिरफ्तार
थाना सेक्टर-126 पुलिस ने 23 जुलाई को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-131 स्थित गढ़ी शाहपुर कट के पास घेराबंदी कर विकास कुमार, रोहित और कुलदीप को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि तीनों लंबे समय से नोएडा, दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे थे।
मॉल, अस्पताल और मेट्रो स्टेशन पर करते थे रेकी
आरोपी पहले मॉल, अस्पताल, मेट्रो स्टेशन, बाजार और रिहायशी इलाकों में खड़े दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही वाहन चोरी कर उन्हें सुनसान स्थानों पर छिपा देते थे। पुलिस के अनुसार चोरी के बाद वाहन के इंजन और चेसिस नंबर घिसकर उसकी पहचान मिटा दी जाती थी, ताकि उसे आसानी से सस्ते दामों में बेचा जा सके।
यमुना डूब क्षेत्र से बरामद हुए चोरी के वाहन
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सेक्टर-131 स्थित यमुना डूब क्षेत्र की झाड़ियों में छिपाकर रखे गए चोरी के वाहन बरामद किए। बरामद वाहनों में नोएडा और दिल्ली से चोरी की गई कई मोटरसाइकिलें और एक स्कूटी शामिल हैं। दो वाहनों के इंजन और चेसिस नंबर पूरी तरह घिसे हुए मिले।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला
जांच में सामने आया कि तीनों आरोपी पहले भी वाहन चोरी, लूट, चोरी के माल की खरीद-फरोख्त और आर्म्स एक्ट के कई मामलों में जेल जा चुके हैं। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है। पूछताछ के आधार पर जल्द ही इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सक्रियता से अपराधियों में हड़कंप
कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस की इस कार्रवाई को पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह की अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति, एसीपी प्रवीण कुमार की प्रभावी मॉनिटरिंग तथा थाना सेक्टर-126 प्रभारी निरीक्षक सुमनेश कुमार और उनकी टीम की सतर्क एवं पेशेवर पुलिसिंग का बड़ा परिणाम माना जा रहा है। इस कार्रवाई से वाहन चोरी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मच गया है और आम लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा और मजबूत हुआ है।।
