मऊ :
साइबर टीम की तत्परता से पीड़ित को मिली राहत,4,980 रुपये कराए वापस।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना की साइबर टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के शिकार एक व्यक्ति की पूरी धनराशि वापस कराकर सराहनीय कार्य किया है।
विस्तार :
पुलिस अधीक्षक कमलेश बहादुर के निर्देशन में जनपद में चलाए जा रहे साइबर अपराध नियंत्रण अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक अनूप कुमार, क्षेत्राधिकारी घोसी जितेंद्र सिंह तथा थाना प्रभारी कोपागंज रोहन राकेश सिंह के कुशल नेतृत्व में यह सफलता प्राप्त हुई।
जानकारी के अनुसार, कसारा (कोपागंज) निवासी आदर्श रंजन, पुत्र सुभाषचंद्र यादव, साइबर ठगी का शिकार हो गए थे। उन्होंने साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए Acknowledgement No. के माध्यम से अपनी शिकायत पुलिस को दी थी।
शिकायत प्राप्त होने के बाद कोपागंज थाना की साइबर टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एमआरएम (MRM) पोर्टल के माध्यम से होल्ड कराई गई 4,980 रुपये की पूरी धनराशि 24 जुलाई 2026 को पीड़ित के बैंक खाते में वापस करा दी।
इस कार्रवाई के बाद पीड़ित ने पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की साइबर ठगी होने पर बिना देर किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 या साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते धनराशि को सुरक्षित कराया जा सके।
साइबर टीम में नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक उमाशंकर सिंह, सहायक नोडल अधिकारी उपनिरीक्षक प्रियंका सिंह, कंप्यूटर ऑपरेटर अभिजीत पटेल, महिला कांस्टेबल सविता मौर्य तथा महिला आरक्षी शीला पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
