शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

गोण्डा : गोण्डा में नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का सख्त एक्शन,52 अवैध उपकरण किए नष्ट।||Gonda: Police take strict action against lawbreakers in Gonda, destroying 52 illegal devices.||

शेयर करें:
गोण्डा : 
गोण्डा में नियम तोड़ने वालों पर पुलिस का सख्त एक्शन,52 अवैध उपकरण किए नष्ट।
।।वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक : गोण्डा जनपद में सड़क सुरक्षा और ध्वनि प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए गोण्डा पुलिस ने यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। विशेष अभियान के तहत वाहनों में लगाए गए मॉडीफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और अनाधिकृत हूटर हटाने के बाद शुक्रवार को कुल 52 अवैध उपकरणों का नियमानुसार विनिष्टीकरण (नष्ट) कराया गया। पुलिस की इस कार्रवाई का उद्देश्य सड़कों पर अनावश्यक शोर, नियमों के उल्लंघन और यातायात व्यवस्था में बाधा डालने वाली प्रवृत्तियों पर रोक लगाना है।
पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी यातायात विनय कुमार सिंह के नेतृत्व में चलाए जा रहे अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने विभिन्न वाहनों की जांच की। जांच के दौरान 16 मॉडीफाइड साइलेंसर, 26 प्रेशर हॉर्न और 10 अनाधिकृत हूटर हटवाए गए। सभी जब्त किए गए उपकरणों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत नष्ट कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मॉडीफाइड साइलेंसर और प्रेशर हॉर्न से निकलने वाली अत्यधिक तेज आवाज न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ाती है, बल्कि बुजुर्गों, बच्चों, मरीजों और आम राहगीरों के लिए भी परेशानी का कारण बनती है। वहीं, अनाधिकृत हूटर का उपयोग यातायात नियमों का उल्लंघन है और इससे आम लोगों में भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न होती है।
गोण्डा पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जनपद में ऐसे वाहनों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। वाहन स्वामियों से अपील की गई है कि वे अपने वाहनों में किसी भी प्रकार के अवैध उपकरण न लगाएं, यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित,अनुशासित तथा ध्वनि प्रदूषण मुक्त वातावरण बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।