लखनऊ :
कारगिल के वीरों को नमन,कैप्टन मनोज पांडे के घर पहुंचीं एनसीसी कैडेट्स,वीरता की गाथा सुन भावुक हुआ माहौल।
दो टूक : कारगिल विजय दिवस की 27 वीं वर्षगांठ के अवसर पर राजधानी लखनऊ के नवयुग कन्या महाविद्यालय, राजेंद्र नगर की 19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी की कैडेट्स ने एनसीसी अधिकारी मेजर (डॉ.) मनमीत कौर सोढ़ी के नेतृत्व में परमवीर चक्र विजेता शहीद कैप्टन मनोज कुमार पांडे के आवास पहुंचकर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की और वीर सपूत को श्रद्धापूर्वक नमन किया।
विस्तार :
कारगिल के अमर वीरों का शौर्य -
27 वीं कारगिल विजय दिवस पर एनसीसी छात्राओं ने शहीद वीर सपूत कैप्टन मनोज कुमार पांडे के घर पहुचकर परिजनों से मुलाकात किया। इस दौरान भाई मनमोहन पांडे एवं भाभी अनुराधा पांडे से मुलाकात कर उन्हें पौधा और हस्तनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट किया। परिवारजनों ने कैडेट्स के साथ कैप्टन मनोज पांडे के जीवन से जुड़े प्रेरक प्रसंग साझा किए, जिन्हें सुनकर छात्राएं गौरवान्वित और भावुक नजर आईं।
कैडेट्स को बताया गया कि वर्ष 1999 के कारगिल युद्ध में कैप्टन मनोज कुमार पांडे ने बटालिक सेक्टर में दुश्मन की कई महत्वपूर्ण चौकियों पर कब्जा करने के अभियान में असाधारण नेतृत्व और अदम्य साहस का परिचय दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद उन्होंने अपने साथियों का नेतृत्व नहीं छोड़ा और अंतिम क्षण तक संघर्ष करते हुए मातृभूमि की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके अद्वितीय शौर्य और राष्ट्रभक्ति को सम्मानित करते हुए उन्हें मरणोपरांत देश का सर्वोच्च सैन्य सम्मान परमवीर चक्र प्रदान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान कैडेट्स ने कैप्टन मनोज पांडे के आवास पर प्रदर्शित स्मृति सामग्री और चित्रों का अवलोकन किया। परमवीर चक्र को निकट से देखना उनके लिए अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी अनुभव रहा। छात्राओं ने देशभक्ति गीत "तेरी मिट्टी..." तथा वीर सैनिकों को समर्पित काव्य प्रस्तुति के माध्यम से अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर निकिता सिंह, शुभी सिंह, प्रीति कुमारी, सृष्टि नायक, दिव्यांशी वर्मा, इशिता दुबे, अपूर्वा पाठक, सिद्धी वर्मा, अनन्या यादव, खुशी निषाद, मुस्कान साहू, निधि बाजपेई, तान्या मिश्रा, प्रिया तिवारी सहित अनेक कैडेट्स उपस्थित रहीं।
19 उत्तर प्रदेश गर्ल्स बटालियन एनसीसी के कमांडिंग ऑफिसर कर्नल (डॉ.) दिनेश कुमार पाठक तथा महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. मंजुला उपाध्याय ने कारगिल विजय दिवस पर शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देश के वीर शहीदों का त्याग और बलिदान सदैव नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन, सेवा भावना और कर्तव्यनिष्ठा के संस्कारों को मजबूत करते हैं।
●दो टूक मीडिया का मानना है कि कारगिल के अमर वीरों का शौर्य केवल इतिहास का हिस्सा नहीं, बल्कि हर भारतीय के लिए राष्ट्रसेवा, साहस और समर्पण का जीवंत संदेश है। ऐसी प्रेरक पहल नई पीढ़ी को देशभक्ति के मूल्यों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनती हैं।
●कारगिल के अमर वीरों का शौर्य केवल इतिहास।
