शुक्रवार, 24 जुलाई 2026

मऊ :रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला पर हमला; चार लोगों पर केस दर्ज।||Mau:A road dispute turned violent, resulting in a woman being attacked; a case has been filed against four people.||

शेयर करें:
मऊ :
रास्ते के विवाद ने लिया हिंसक रूप, महिला पर हमला; चार लोगों पर केस दर्ज।।
पुरानी रंजिश और रास्ते से आने-जाने के विवाद को लेकर मारपीट का आरोप।।
।।संवाददाता – देवेन्द्र कुमार कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के थाना कोपागंज क्षेत्र के कसारा गांव में रास्ते के विवाद और पुरानी रंजिश के चलते एक महिला के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की शिकायत पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार : 
पुलिस के अनुसार थाना कोपागंज क्षेत्र कसारा गांव निवासी रामबदन राजभर ने थाने में दी तहरीर में बताया कि 22 जुलाई की शाम उनकी पत्नी लालबची गांव के रास्ते से होकर गुजर रही थीं। आरोप है कि इसी दौरान गांव की लाली, उर्मिला, रेनूका और बिंदू ने रास्ते को लेकर विवाद शुरू कर दिया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि चारों महिलाओं ने मिलकर लालबची के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की, जिससे उन्हें चोटें आईं। शोर-शराबा सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो आरोपी वहां से चले गए। पीड़ित पक्ष का यह भी आरोप है कि जाते समय उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई।
घटना की सूचना मिलने के बाद कोपागंज पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।