बुधवार, 22 जुलाई 2026

मऊ : इनामी गौ तस्कर से पुलिस मुठभेड़ मे गिरफ्तार,पैर में लगी गोली,तमंचा बरामद।Mau: A bounty-carrying cow smuggler was arrested in a police encounter; he was shot in the leg and a pistol was recovered.||

शेयर करें:
मऊ : 
इनामी गौ तस्कर से पुलिस मुठभेड़ मे गिरफ्तार,पैर में लगी गोली,तमंचा बरामद।
।।देवेन्द्र कुशवाहा।।
दो टूक : मऊ जनपद के कोपागंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और 25 हजार रुपये के इनामी गौ तस्कर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोपागंज और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार गौवध अधिनियम के मुकदमा अपराध संख्या 106/2026 में वांछित एवं इनामी अभियुक्त ढेला पुत्र नसीर (35 वर्ष) निवासी चेला राम का पूरा, थाना कोपागंज के इंदारा रेलवे स्टेशन की ओर आने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे रोकने का प्रयास किया।
घोसी क्षेत्राधिकारी जितेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस से घिरने पर आरोपी ने आत्मसमर्पण करने के बजाय पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल होने के बाद उसे मौके से गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी के विरुद्ध मऊ और बलिया जनपद में गौवध अधिनियम सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। बलिया के सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में भी उसके खिलाफ कई मामले दर्ज होने की जानकारी मिली है।
पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास का विस्तृत सत्यापन कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा जिले में अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।