लखनऊ :
महाराजा रणजीत सिंह जी की प्रतिमा स्थापना की स्वीकृति पर सिक्ख समाज ने महापौर का जताया आभार।
दो टूक : लखनऊ नगर निगम की कार्यकारिणी द्वारा महाराजा रणजीत सिंह जी की प्रतिमा स्थापना को स्वीकृति दिए जाने पर मंगलवार को सिक्ख समाज ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इस निर्णय का स्वागत किया।
सिक्खी मेरी पहचान फाउंडेशन के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने सबसे पहले सदर गुरुद्वारा साहिब में मत्था टेककर गुरु साहिब का शुक्राना अदा किया। इसके उपरांत प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ की महापौर सुषमा खरकवाल से शिष्टाचार भेंट कर इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए उनका धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि महाराजा रणजीत सिंह जी, जिन्हें शेर-ए-पंजाब के नाम से जाना जाता है, भारतीय इतिहास के महान शासकों में से एक थे। उन्होंने न्याय, धार्मिक सौहार्द, सुशासन तथा सभी धर्मों के सम्मान पर आधारित शासन स्थापित किया। उनकी प्रतिमा लखनऊ में स्थापित होना न केवल सिक्ख समाज, बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गौरव का विषय है।
इस अवसर पर सिक्खी मेरी पहचान फाउंडेशन के अध्यक्ष सरदार दिलप्रीत सिंह (डी.पी.) के साथ सरदार रणवीर सिंह कलसी, सरदार कुलवंत सिंह, सरदार मनमोहन सिंह, सरदार कुलवीर सिंह सोढ़ी, सरदार निरवैर सिंह, सरदार सुरिंदर पाल सिंह घई, सरदार हरजीत सिंह सोखी, सरदार सुरजीत सिंह राजा, सरदार भूपिंदर सिंह (मोनू) एवं सरदार मलकीत सिंह उपस्थित रहे।
प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ नगर निगम एवं महापौर श्रीमती सुषमा खरकवाल का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह निर्णय महाराजा रणजीत सिंह जी के आदर्शों, राष्ट्रप्रेम, वीरता एवं सामाजिक समरसता को नई पीढ़ी तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
