मंगलवार, 7 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस और कार चोर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद शातिर गिरफ्तार; चोरी की डिजायर टैक्सी और बाइक बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस और कार चोर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद शातिर गिरफ्तार; चोरी की डिजायर टैक्सी और बाइक बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना सेक्टर-39 क्षेत्र में मुठभेड़ के दौरान एक शातिर वाहन चोर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके एक नाबालिग साथी को भी अभिरक्षा में लिया है। आरोपियों के कब्जे और निशानदेही से चोरी की स्विफ्ट डिजायर टैक्सी, एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल, अवैध तमंचा और चाकू बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार सोमवार को थाना सेक्टर-39 पुलिस की टीम मॉल के पास वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लेबर चौक की ओर से आ रही एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार को रुकने का इशारा किया गया, लेकिन चालक ने गाड़ी नहीं रोकी और तेज रफ्तार में सदरपुर की ओर भाग निकला। पुलिस ने तत्काल कंट्रोल रूम को सूचना देकर कार का पीछा शुरू किया।

भागते-भागते बदमाश सेक्टर-42 के जंगल की ओर पहुंचा, जहां उसने कार छोड़कर जंगल में भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर आरोपी ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे दबोच लिया, जबकि सघन कॉम्बिंग के दौरान उसके नाबालिग साथी को भी पकड़ लिया गया।

घायल आरोपी की पहचान भानु उर्फ सागर (22 वर्ष) निवासी जे.जे. कॉलोनी, सेक्टर-18 नोएडा (मूल निवासी ग्राम उपराड़ी, थाना रानीखेत, जिला अल्मोड़ा, उत्तराखंड) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से .315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पुलिस ने चोरी की स्विफ्ट डिजायर टैक्सी भी बरामद कर ली, जो थाना सेक्टर-39 में दर्ज वाहन चोरी के मुकदमे से संबंधित है।

पुलिस अभिरक्षा में लिए गए नाबालिग के पास से एक अवैध चाकू मिला। उसकी निशानदेही पर अट्टा मार्केट से चोरी की गई बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली गई।

पूछताछ में भानु उर्फ सागर ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 6 जुलाई को जीआईपी मॉल गेट के पास से स्विफ्ट डिजायर टैक्सी चोरी की थी। इसके अलावा दो दिन पहले अट्टा मार्केट से स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी चोरी की थी। पुलिस अब आरोपियों से अन्य वाहन चोरी की घटनाओं के संबंध में भी पूछताछ कर रही है।

जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी पहले से ही वाहन चोरी के कई मामलों में वांछित रहा है। उसके खिलाफ थाना सेक्टर-20 और सेक्टर-39 में वाहन चोरी, अवैध हथियार रखने और अन्य आपराधिक धाराओं में आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। इससे स्पष्ट है कि वह एक शातिर वाहन चोर है और लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय था।

घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस उसके आपराधिक नेटवर्क और चोरी के अन्य वाहनों के संबंध में पूछताछ कर रही है। वहीं नाबालिग को विधिक प्रक्रिया के तहत बाल न्याय अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार अभिरक्षा में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि वाहन चोरी करने वाले गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।।