लखनऊ :
कैंसर संस्थान मे वृक्षारोपण कर मनाया गया हरित उत्सव।
दो टूक : मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश की प्रेरणा एवं संकल्प "एक पेड़ माँ के नाम" अभियान एवं पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प को साकार करने की दिशा में आज "कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान, लखनऊ" में "वृहद वृक्षारोपण अभियान" का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अतिरिक्त मुख्य सचिव, चिकित्सा स्वास्थ्य, परिवार कल्याण एवं चिकित्सा शिक्षा, उत्तर प्रदेश शासन, श्री अमित घोष रहे। इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि श्री आनंद त्रिपाठी, उप सचिव, चिकित्सा शिक्षा भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्थान के निदेशक प्रो.एम.एल.बी. भट्ट ने की।
कार्यक्रम की शुरुआत श्री अमित घोष जी द्वारा पौधारोपण कर की गई। इसके उपरांत श्री आनंद त्रिपाठी, संस्थान के निदेशक प्रो.एम.एल.बी.भट्ट तथा संस्थान के अन्य अधिकारियों, संकाय सदस्यों, रेजिडेंट चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत संस्थान परिसर में विभिन्न प्रजातियों के कुल लगभग 2,500 पौधों का रोपण किया गया एवं साथ ही सभी नें इन पौधों के संरक्षण एवं नियमित देखभाल का संकल्प लिया।
संस्थान द्वारा आगामी एक सप्ताह के भीतर परिसर में कुल 10,000 पौधों का रोपण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस अभियान के माध्यम से संस्थान ने न केवल हरित एवं स्वच्छ पर्यावरण के निर्माण, बल्कि भावी पीढ़ियों के लिए स्वस्थ एवं संतुलित पारिस्थितिकी तंत्र विकसित करने का भी संकल्प लिया है।
