लखनऊ :
चोरी के केस में जेल भेजने का डर दिखाकर सात हजार की अवैध वसूली, पांच पर मुकदमा।
।।डी एस शास्त्री।।
दो टूक : अयोध्या में 'सोने से भरा बैग मिलने' की वायरल कहानी निकली मनगढ़ंत, पुलिस जांच में अवैध वसूली और धमकाकर वीडियो बनवाने का खुलासा।
विस्तार :
अयोध्या में मोहनलालगंज के एक युवक को सोने से भरा बैग मिलने और पुलिस द्वारा बरामदगी किए जाने का वीडियो बीते सोमवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि कुछ लोगों ने खुद को पत्रकार बताते हुए चोरी के मामले में पुलिस द्वारा जेल भेजने का भय दिखाकर बचाने के लिये युवकों से सात हजार रुपये की अवैध वसूली की और मनगढ़ंत वीडियो बनवाकर सोशल मीडिया पर वायरल करा दिया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ जबरन वसूली, आईटी एक्ट समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।मोहनलालगंज कोतवाली क्षेत्र के धरमगंतखेड़ा निवासी पुष्पेंद्र यादव ने पुलिस को बताया कि वह 2 जुलाई को अपने दोस्तों हर्ष यादव, सौरभ शर्मा, प्रांशू यादव और पुष्कर सिंह के साथ अयोध्या दर्शन के लिए गया था। अगले दिन सुबह हर्ष के बैग में एक चेन और मंगलसूत्र दिखाई दिया। लौटते समय हर्ष ने अपनी सोने की चेन गायब होने का आरोप लगाते हुए सभी साथियों पर चोरी का शक जताया और खुजौली चौकी में शिकायत कर दी। पुलिस ने दोनों पक्षों से पूछताछ की, लेकिन कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला।पीड़ित के अनुसार, बीते सोमवार को उदयभान ने उसे अपनी दुकान पर बुलाया, जहां सोनू यादव और विवेक ने स्वयं को पत्रकार बताते हुए कहा कि यदि चोरी के मामले में जेल जाने से बचना है तो उनके बताए अनुसार वीडियो बनाना होगा और इसके बदले दस हजार रुपये देने होंगे। आरोप है कि उनके कहने पर अयोध्या में सोने से भरा बैग मिलने और पुलिस द्वारा बरामदगी की झूठी कहानी वीडियो में बुलवाई गई। इसके एवज में चार हजार रुपये ऑनलाइन और तीन हजार रुपये नकद वसूल लिए गए। बाद में वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल कर पुलिस की छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया।इंस्पेक्टर रामबाबू सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो की गहन जांच में धमकाकर पैसे वसूलने और झूठा वीडियो बनवाने की पुष्टि हुई है। पीड़ित की तहरीर पर उदयभान, सोनू यादव, विवेक, धर्मेंद्र कुमार समेत एक अन्य के खिलाफ जबरन वसूली, 61 आईटी एक्ट सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
