गौतमबुद्धनगर: सेक्टर-61 के श्री स्वर्ण क्षेत्र में गूंजेगा 'जय जगन्नाथ'; भव्य रथ यात्रा महोत्सव की तैयारियां अंतिम चरण में, हजारों श्रद्धालु होंगे शामिल!!
दो टूक//नोएडा। राजधानी दिल्ली-एनसीआर के धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजनों में अपनी विशेष पहचान रखने वाला नोएडा का श्री स्वर्ण क्षेत्र इस वर्ष एक बार फिर भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा का साक्षी बनने जा रहा है। सेक्टर-61 स्थित श्री स्वर्ण क्षेत्र भगवान जगन्नाथ मंदिर में आयोजित होने वाले वार्षिक रथ यात्रा महोत्सव-2026 की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस बार आयोजन को पहले से अधिक भव्य, सुव्यवस्थित और सांस्कृतिक स्वरूप दिया जा रहा है, जिसमें करीब दो हजार श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
हिंदू सम्मेलन समिति, रॉयल गार्डन एस्टेट मंदिर समिति और सामुदायिक विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाले इस महोत्सव में नोएडा सहित आसपास के क्षेत्रों के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं श्रद्धालु भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
हिंदू सम्मेलन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती ने बताया कि रथ यात्रा महोत्सव को सफल और भव्य बनाने के लिए व्यापक स्तर पर तैयारियां की गई हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा, पार्किंग, यातायात प्रबंधन और अन्य व्यवस्थाओं को आधुनिक एवं व्यवस्थित ढंग से अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि सभी श्रद्धालु सुगमता से आयोजन में शामिल हो सकें।उन्होंने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ 29 जून को देव स्नान पूर्णिमा के साथ हो चुका है। इसके अंतर्गत 14 जुलाई को नेत्रोत्सव एवं नवयौवन दर्शन, 16 जुलाई को भव्य रथ यात्रा, 24 जुलाई को बहुड़ा यात्रा, 25 जुलाई को सुना वेश तथा 27 जुलाई को नीलाद्रि बीजे का आयोजन वैदिक परंपराओं एवं धार्मिक विधि-विधान के अनुसार संपन्न कराया जाएगा।समिति के सचिव नीलूपमा शर्मा और संयोजक आहे नीतिन गौतम ने बताया कि इस वर्ष भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा घोड़ा गाड़ी के माध्यम से निकाली जाएगी, जबकि अगले वर्ष पारंपरिक लकड़ी के रथ का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा, शांति और अनुशासन बनाए रखने के लिए आयोजन समिति के सदस्यों के साथ लगभग 200 स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है। वहीं, रथ यात्रा के प्रमुख कार्यक्रमों का सीधा प्रसारण भी किया जाएगा।इस वर्ष महोत्सव में विशेष अतिथि का चयन किया जाएगा, जो भगवान जगन्नाथ की पारंपरिक 'छेरा पहरा' की रस्म निभाएंगे। आयोजन का एक प्रमुख आकर्षण भागवत कथा एवं श्री जगन्नाथ कथा भी होगी, जिसका आयोजन 16 जुलाई से 23 जुलाई तक प्रतिदिन शाम 4 बजे से 7 बजे तक किया जाएगा। प्रसिद्ध कथावाचक आचार्य अजय किरण श्रद्धालुओं को कथा का रसपान कराएंगे।आयोजन समिति ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से महोत्सव में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की है। समिति का कहना है कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक समरसता और भारतीय परंपराओं का उत्सव भी है, जो सेक्टर-61, 52, 53 और 33 सहित पूरे नोएडा क्षेत्र को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के रंग में रंग देगा। समारोह में अनेक गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है, जिनमें महंत डॉ. महेश शर्मा, विधायक पंकज सिंह, भाजपा नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, उपाध्यक्ष प्रमोद भल सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं प्रतिष्ठित नागरिकों की उपस्थिति प्रस्तावित है। आयोजन समिति को उम्मीद है कि इस वर्ष का रथ यात्रा महोत्सव धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का एक यादगार आयोजन साबित होगा।।
● हिंदू सम्मेलन समिति के अध्यक्ष डॉ. मनोरंजन मोहंती ने बताया --
