लखनऊ :
मोहनलालगंज में बेखौफ चोरों का आतंक, संकट मोचन मंदिर का दानपात्र तोड़ा, ई-रिक्शा की बैटरियां भी ले उड़े चोर।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र में चोरों के हौसले लगातार बुलंद होते नजर आ रहे हैं। एक ही रात में चोरों ने धार्मिक स्थल और आम नागरिक, दोनों को निशाना बनाकर इलाके में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। संकट मोचन मंदिर का दानपात्र तोड़कर उसमें रखी दानराशि चोरी कर ली गई, वहीं दूसरी घटना में घर के बाहर खड़े ई-रिक्शा से महंगी बैटरियां पार कर दी गईं।
विस्तार :
संकट मोचन मंदिर का दानपात्र तोड़कर चढ़ावा किया चोरी।
जानकारी के अनुसार, मोहनलालगंज कस्बे के मौरावां रोड स्थित संकट मोचन मंदिर में बुधवार देर रात अज्ञात चोर घुस आए। चोर मंदिर में रखा दानपात्र उठाकर ले गए और मंदिर के पीछे स्थित बाग में उसे तोड़कर उसमें रखी नकदी निकाल ली। गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने दानपात्र गायब देखा तो खोजबीन शुरू की। कुछ देर बाद मंदिर के पीछे बाग में टूटा हुआ दानपात्र पड़ा मिला।
घटना की सूचना मंदिर के पुजारी द्वारा पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि दानपात्र तोड़कर चोरी किए जाने की सूचना मिली है। पीड़ित की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ई-रिक्शा से बैटरियां भी ले उड़े चोर।
इसी रात चोरों ने कस्बे के मऊ बाजार निवासी राकेश गुप्ता को भी निशाना बनाया। पीड़ित के अनुसार, उन्होंने बुधवार रात अपना ई-रिक्शा घर के बाहर खड़ा किया था। गुरुवार सुबह जब वह बाहर आए तो ई-रिक्शे का बोनट खुला मिला। जांच करने पर पता चला कि उसमें लगी महंगी बैटरियां चोरी हो चुकी थीं। पीड़ित राकेश गुप्ता ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि पुलिस ने जांच का आश्वासन दिया है। इलाके में एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर हुई चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ा दी है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने तथा चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को ठोस कदम उठाने चाहिए, ताकि आमजन और धार्मिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
