लखनऊ :
धर्मांतरण के आरोप से भरसवा गांव में बढ़ा तनाव, ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने सात पर मुकदमा किया दर्ज।।एडीसीपी व एसीपी ने कोतवाली पहुंचकर आरोपियों से की पूछताछ,हुए गिरफ्तार।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के भरसवा गांव में कथित धर्मांतरण को लेकर बुधवार देर शाम उस समय तनाव की स्थिति बन गई, जब ग्रामीणों ने बोलेरो वाहन से पहुंचे कुछ लोगों पर धर्म परिवर्तन के लिए दबाव बनाने का आरोप लगाते हुए उन्हें घेर लिया। दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक और हंगामे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सात लोगों को हिरासत में लेकर कोतवाली ले गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार :
जानकारी के अनुसार बीते बुधवार रात कोतवाली मोहनलालगंज क्षेत्र के भरसवा गांव से धर्मांतरण का मामले सामने से ग्रामीणों मे आक्रोश फैल गया। सूचना पाकर पहुची पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पिछले कुछ समय से बाहरी लोगों का एक समूह गरीब और दलित परिवारों के बीच सक्रिय था। आरोप है कि आर्थिक सहायता, चमत्कार दिखाने और बेहतर जीवन का भरोसा दिलाकर लोगों को धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि इस नेटवर्क से जुड़े कुछ स्थानीय लोग भी अन्य परिवारों को अपने साथ जोड़ने का प्रयास कर रहे थे।
बुधवार रात बोलेरो वाहन से सात लोगों के भरसवा गांव में पहुंचने की जानकारी मिलते ही ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह समूह कथित तौर पर धर्म परिवर्तन कराने के उद्देश्य से गांव आया था। विरोध के दौरान दोनों पक्षों के बीच कहासुनी बढ़ गई और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए सभी आरोपितों को हिरासत में लेकर कोतवाली पहुंचाया।
गुरुवार को मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एडीसीपी दक्षिणी रल्लापल्ली वसंथ कुमार तथा एसीपी मोहनलालगंज आर.के. सिंह ने कोतवाली पहुंचकर हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ की और जांच की प्रगति की समीक्षा की।
पुलिस के अनुसार, पीड़ित अमित कुमार की तहरीर पर डेनियल, उसकी पत्नी सबला, चंद्रभान, उसकी पत्नी आरती, सीमा तथा अजय रावत और उसकी पत्नी शीला के विरुद्ध उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपरिवर्तन प्रतिषेध अधिनियम सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
एडीसीपी साउथ ने बताया कि धर्मांतरण का मामला सामने आया है जिसमे सात लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ के उपरांत मुकदमा दर्ज कर सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
धर्मांतरण से जुड़े आरोपों की पुष्टि दो टूक मीडिया नही करता है यह जांच और न्यायिक प्रक्रिया का हिस्सा है।
