लखनऊ :
शटर तोड़कर मोबाइल दुकान में चोरी का खुलासा, काकोरी पुलिस ने दो शातिर चोर दबोचे ।।
10 स्मार्टफोन समेत ईयरबड, पावर बैंक, नकदी और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना काकोरी क्षेत्र में मोबाइल दुकान का शटर तोड़कर हुई चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 10 स्मार्टफोन, ईयरबड, पावर बैंक, 5,005 रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार चोरी किए गए अन्य मोबाइलों की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार :
पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ के जोन पश्चिमी के थाना काकोरी क्षेत्र में 23 जुलाई 2026 को टिकरिया निवासी विश्वजीत यादव ने पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोरों ने उनकी दुकान का शटर तोड़कर करीब 40 स्मार्टफोन चोरी कर लिए हैं। मामले में थाना काकोरी पर मुकदमा संख्या 238/2026 धारा 305A/331(4) बीएनएस के तहत दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की थी।
घटना के खुलासे के लिए थाना काकोरी की दो पुलिस टीमों के साथ पुलिस उपायुक्त पश्चिमी की सर्विलांस और क्राइम ब्रांच टीम को लगाया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों की गतिविधियों की निगरानी शुरू की।
जांच के दौरान चोरी हुए मोबाइल फोन को CEIR पोर्टल पर अपलोड किया गया। कुछ मोबाइल फोन सक्रिय होने के बाद सर्विलांस टीम ने IMEI नंबर के आधार पर उनका पता लगाया। मोबाइल इस्तेमाल करने वाले लोगों से पूछताछ में जानकारी मिली कि उक्त मोबाइल फोन पवन कुमार निवासी सरोजनीनगर द्वारा बिक्री किए गए थे। पूछताछ में यह भी सामने आया कि मोबाइल खरीदने वालों ने जब बिल मांगा तो बिल उपलब्ध नहीं कराया गया, जिसके बाद चोरी की आशंका में कुछ मोबाइल वापस कर दिए गए थे।
सर्विलांस इनपुट और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने 28 जुलाई 2026 को कठिंगरा अंडरपास नहर के पास घेराबंदी कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजीत यादव (20 वर्ष), निवासी हाता गुलाम सफदर, थाना काकोरी और पवन कुमार (26 वर्ष), निवासी तपोवनगर, थाना सरोजनीनगर के रूप में हुई।
पुलिस पूछताछ में अजीत यादव ने चोरी की घटना में शामिल होने की बात स्वीकार की। वहीं पवन कुमार ने बताया कि अजय और अजीत द्वारा बोरी में भरकर मोबाइल लाकर उसे दिए गए थे, जिनमें से कुछ मोबाइल उसने बिक्री कराए थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से 10 स्मार्टफोन, एक ईयरबड, एक पावर बैंक, 5,005 रुपये नकद और अपाचे मोटरसाइकिल (यूपी 32 आई 6279) बरामद की है।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बरामद मोबाइलों के मॉडल और IMEI नंबर के आधार पर चोरी के मोबाइल होने की पुष्टि की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज से भी आरोपियों की पहचान की गई है। गिरफ्तार अभियुक्तों के खिलाफ धारा 305A/331(4)/317(2) बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना काकोरी प्रभारी निरीक्षक सतीश चन्द्र राठौर, उपनिरीक्षक शैलेष प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक अंकित यादव सहित अन्य पुलिसकर्मी तथा सर्विलांस टीम पश्चिमी जोन के प्रभारी उपनिरीक्षक अंकित कुमार, उपनिरीक्षक मो. अहमद और टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
