गौतमबुद्धनगर: संचारी रोगों पर प्रशासन का बड़ा एक्शन, सीडीओ ने कसी कमर; 10 अगस्त तक चलेगा विशेष अभियान!!
लापरवाही पर सुधार के निर्देश, एंटी-लार्वा छिड़काव, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की निगरानी तेज करने के आदेश
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 28 जुलाई 2026।
जिले में संचारी रोगों की रोकथाम और आमजन के स्वास्थ्य की सुरक्षा को लेकर प्रशासन ने अभियान तेज कर दिया है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) भालचंद्र त्रिपाठी की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित कार्यालय कक्ष में संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीडीओ ने अभियान की प्रगति की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला मलेरिया अधिकारी, बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी, जिला कृषि रक्षा अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी ने सीडीओ को अभियान की वर्तमान स्थिति से अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि शासन के निर्देशानुसार संचारी रोग नियंत्रण अभियान 1 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित किया जा रहा था। शासन द्वारा अभियान की अवधि बढ़ाते हुए अब दोनों अभियानों को 10 अगस्त 2026 तक संचालित करने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कमजोर प्रदर्शन वाले विभागों को तत्काल सुधार के निर्देश
मुख्य विकास अधिकारी ने विभागवार प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिन विभागों के प्रदर्शन इंडिकेटर औसत से कम हैं, वे तत्काल आवश्यक कदम उठाते हुए सुधार सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि अभियान को केवल कागजों तक सीमित न रखा जाए, बल्कि जमीनी स्तर पर प्रभावी निगरानी और कार्रवाई दिखाई देनी चाहिए।
सीडीओ ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित माइक्रोप्लान के अनुसार नियमित क्षेत्र भ्रमण करें और अभियान की गतिविधियों की लगातार निगरानी करें।
डायरिया मरीजों को समय पर मिले ओआरएस और जिंक
बैठक में सीडीओ ने चिकित्सा विभाग को निर्देश दिए कि आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से डायरिया से पीड़ित मरीजों तक समय पर ओआरएस के पैकेट और जिंक की गोलियां उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाने के निर्देश दिए।
मच्छरों के प्रकोप पर रोक के लिए सफाई अभियान तेज
सीडीओ ने नोएडा, ग्रेटर नोएडा एवं यमुना एक्सप्रेस-वे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के साथ-साथ नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों को निर्देश दिए कि क्षेत्रों में एंटी-लार्वा छिड़काव, नालियों की नियमित सफाई और जलभराव वाले स्थानों की निगरानी को प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।
इसके अलावा पंचायत राज विभाग को ग्रामीण क्षेत्रों में झाड़ियों की कटाई, साफ-सफाई और स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के निर्देश दिए गए, जिससे मच्छर जनित एवं संक्रामक बीमारियों के प्रसार को रोका जा सके।
समन्वय और जनभागीदारी से सफल होगा अभियान
मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान को पूरी गंभीरता, बेहतर समन्वय और जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाना है। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ निर्धारित कार्ययोजना पर काम करें, ताकि संचारी रोगों की रोकथाम के साथ-साथ जिले के लोगों को सुरक्षित और बेहतर स्वास्थ्य वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।।
