लखनऊ :
लोहिया में नर्सिंग अधिकारियों के लिए व्यावहारिक कार्यशाला आयोजित।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान (आरएमएलआईएमएस) के माइक्रोबायोलॉजी विभाग एवं इन्फेक्शन प्रिवेंशन एंड कंट्रोल कमेटी द्वारा शनिवार को नर्सिंग अधिकारियों के लिए 'अस्पताल जनित संक्रमण नियंत्रण' विषय पर एक दिवसीय व्यावहारिक प्रशिक्षण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला का विषय "Combating Healthcare Associated Infection: A Nurse's Guide to VAP, CLABSI & CAUTI Prevention" रहा। कार्यक्रम का आयोजन संजय गांधी स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई) के नेशनल मेडिकल कॉलेज नेटवर्क के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संस्थान के निदेशक प्रो. सी.एम. सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने कहा कि अस्पताल में भर्ती मरीजों को संक्रमण से सुरक्षित रखने और संक्रमण दर को न्यूनतम स्तर पर लाने में नर्सिंग अधिकारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उचित प्रशिक्षण और सतर्कता से गंभीर अस्पताल जनित संक्रमणों को प्रभावी ढंग से रोका जा सकता है।
कार्यशाला की आयोजक अध्यक्ष एवं माइक्रोबायोलॉजी विभागाध्यक्ष प्रो. ज्योत्स्ना अग्रवाल ने अतिथियों और प्रतिभागियों का स्वागत करते हुए बताया कि VAP (वेंटिलेटर एसोसिएटेड निमोनिया), CLABSI (सेंट्रल लाइन एसोसिएटेड ब्लडस्ट्रीम इंफेक्शन) तथा CAUTI (कैथेटर एसोसिएटेड यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन) आईसीयू और अस्पतालों में होने वाले प्रमुख संक्रमण हैं, जिन्हें वैज्ञानिक प्रोटोकॉल और सतर्क नर्सिंग देखभाल से रोका जा सकता है।
विशेषज्ञ सत्र में एसजीपीजीआई के क्रिटिकल केयर मेडिसिन विभागाध्यक्ष प्रो. अफजल अजीम ने नर्सिंग अधिकारियों की भूमिका और मरीजों की देखभाल में उनकी जिम्मेदारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। वहीं प्रो. तन्मय घटक ने आईसीयू मरीजों की देखभाल तथा बंडल केयर अप्रोच के महत्व पर व्याख्यान दिया।
कार्यशाला के दूसरे सत्र में नर्सिंग अधिकारियों को हैंड्स-ऑन प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण का समन्वय एसजीपीजीआई की एसएनओ (क्वालिटी सेल) जुइन दत्ता तथा आरएमएलआईएमएस की मुख्य नर्सिंग अधिकारी सुमन सिंह ने किया। प्रशिक्षण को तीन प्रमुख भागों—VAP, CLABSI और CAUTI प्रिवेंशन—में विभाजित किया गया, जिसमें विशेषज्ञ चिकित्सकों और इन्फेक्शन कंट्रोल नर्सों ने व्यावहारिक तकनीकों का प्रदर्शन किया।
समापन सत्र में आयोजन सचिव प्रो. मनोदीप सेन ने सभी अतिथियों, विशेषज्ञों और प्रतिभागी नर्सिंग अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। कार्यशाला में बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारियों ने भाग लिया तथा सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र भी प्रदान किए।
