लखनऊ :
आवारा गौवंश को बचाने में बेकाबू कार ने मजदूर परिवार को मारी टक्कर, कई ठेलियां व टीनशेड क्षतिग्रस्त।
दो टूक : मोहनलालगंज कस्बे में हुआ हादसा, मजदूर दम्पत्ति समेत चार घायल; दोनों पक्षों में क्षतिपूर्ति के बाद हुआ समझौता।
विस्तार : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे में मंगलवार देर रात हाईवे पर आवारा गौवंश को बचाने के प्रयास में एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नाले पर चढ़ गई। कार ने कई दुकानों के बाहर लगे टीनशेड, ठेलियां और एक बैटरी ऑटो को क्षतिग्रस्त करने के साथ घर के बाहर सो रहे मजदूर दंपति व उनके दो बेटों को भी टक्कर मार दी। हादसे में चारों घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
मोहनलालगंज कस्बे में किराये पर रहने वाले मजदूर हरीराम ने बताया कि मंगलवार रात भोजन करने के बाद वह पत्नी रामलली तथा बेटों दीपक और संदीप के साथ कमरे के बाहर सो रहे थे। रात करीब दो बजे रायबरेली से लखनऊ जा रही एक तेज रफ्तार कार अचानक हाईवे पर आए आवारा गौवंश को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई। कार नाले पर चढ़ते हुए पप्पूलाल और राजेश के घरों के बाहर लगे टीनशेड, चाट की ठेलियां तथा उनके बेटों की फल की दो ठेलियों को तोड़ते हुए मजदूर परिवार को टक्कर मार गई। इसके बाद कार सड़क किनारे खड़े हरीराम के बैटरी ऑटो में पीछे से जा घुसी।
घायलों की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से सभी घायलों तथा कार चालक को सीएचसी भेजा गया। हादसे में कई ठेलियां, टीनशेड और बैटरी ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया।एसएसआई यशवंत सिंह ने बताया कि दुर्घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, लेकिन दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देने के बजाय आपसी सहमति से क्षतिपूर्ति लेकर समझौता कर लिया।
