लखनऊ :
चिनहट में तेजाब फेंकने की घटना का मुख्य आरोपी गिरफ्तार,अन्य आरोपियों की तलाश जारी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के चिनहट थाना पुलिस एवं सर्विलांस टीम (पूर्वी जोन) की संयुक्त कार्रवाई में तेजाब फेंकने की सनसनीखेज घटना में शामिल एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
विस्तार :
कोतवाली चिनहट इस्पेक्टर दिनेश चन्द्र मिश्र के अनुसार, 14 जुलाई 2026 को चिनहट थाना क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा दुकान में घुसकर दुकानदार और उसके साथियों पर तेजाब फेंककर गंभीर रूप से घायल करने की घटना सामने आई थी। इस संबंध में थाना चिनहट पर मु0अ0सं0-377/2026 के तहत धारा 124(1) बीएनएस में मुकदमा दर्ज किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस की विशेष टीमों का गठन किया गया। जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया। जांच में अतहर रजा (40 वर्ष) निवासी ग्राम जलालपुर, थाना कोतवाली भदोही, जनपद भदोही की संलिप्तता सामने आने पर उसे कस्बा काजीपुर, जलालपुर (भदोही) से गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने अन्य साथियों के कहने पर इस घटना को अंजाम दिया था। विवेचना के दौरान प्रथम दृष्टया आपराधिक षड्यंत्र के साक्ष्य मिलने पर मुकदमे में धारा 61(2) बीएनएस भी बढ़ाई गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में शामिल अन्य वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
