शनिवार, 18 जुलाई 2026

लखनऊ : अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी,पुलिस पहचान में जुटी।||Lucknow: The discovery of an unidentified body has created a sensation in the area; police are trying to identify it.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी,पुलिस पहचान में जुटी।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के सरोजनी नगर क्षेत्र में शनिवार सुबह अवध कॉलेज के सामने एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए उसकी शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली कि अवध कॉलेज के सामने स्थित पिलर के नीचे एक व्यक्ति अचेत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही उप निरीक्षक उत्कर्ष त्रिपाठी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उनके साथ उप निरीक्षक चंद्रभान सिंह एवं कांस्टेबल सतेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।
मौके पर पहुंचकर पुलिस ने देखा कि करीब 50 वर्षीय एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा हुआ था। प्रारंभिक जांच में उसके शरीर पर किसी प्रकार के चोट के निशान दिखाई नहीं दिए। पुलिस ने मृतक की जेब और पहने हुए कपड़ों की जांच की, लेकिन कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। आसपास के लोगों को शव का फोटो दिखाकर पहचान कराने का प्रयास किया गया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी।

इसके बाद पुलिस ने एंबुलेंस की सहायता से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सरोजनी नगर भेजा। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

पुलिस का कहना है कि मृतक की शिनाख्त कराने के प्रयास जारी हैं। पहचान होने के बाद ही मौत के कारणों और परिस्थितियों के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।