लखनऊ :
दहेज की मांग ने ली विवाहिता की जान, शव नहर में फेंका,पति समेत सास और ननद गिरफ्तार।।
दो टूक : राजधानी लखनऊ के थाना इटौंजा क्षेत्र में दहेज उत्पीड़न का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर विवाहिता की हत्या कर शव नहर में फेंकने के मामले के आरोप में मृतका के पति समेत सास और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतका के शव को नहर से बरामद कर परिजनों से उसकी शिनाख्त कराई है। इसके बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुट गई।
विस्तार :
पुलिस के अनुसार जनपद सीतापुर निवासी पवन कुमार कश्यप ने 13 जुलाई को लखनऊ के थाना इटौंजा में लिखित तहरीर देते हुए आरोप लगाया था कि उनकी 26 वर्षीय बेटी हिमांशी को उसके ससुराल वाले दहेज की अतिरिक्त मांग को लेकर प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि आरोपियों ने उसकी हत्या कर शव गायब कर दिया। इस मामले में पुलिस ने बीएनएस की संबंधित धाराओं तथा दहेज प्रतिषेध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने छानबीन पूछताछ शुरु कर दी मुखबिर की सूचना पर 17 जुलाई को पुलिस ने आरोपी प्रदीप कुमार (पति), सुनीता (सास) और राखी (ननद) को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मृतका का शव बरामद कर लिया। जिसकी पहचान परिजनों ने हिमांशी के रुप मे किया।
पूछताछ में आरोपी पति ने पुलिस को बताया कि उसकी शादी भारत मैट्रिमोनियल साइट के माध्यम से हिमांशी से हुई थी। उसके अनुसार, 12 जुलाई की रात दोनों के बीच विवाद हुआ था। उसने दावा किया कि सुबह पत्नी फंदे से लटकी मिली, जिसके बाद परिवार के साथ मिलकर शव को कार से चिनहट के पास बड़ी नहर में फेंक दिया ताकि मामला पुलिस तक न पहुंचे।
हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले में दहेज हत्या और साक्ष्य मिटाने सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई की जा रही है। अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच जारी है तथा फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है।
