लखनऊ :
मोहनलालगंज में नीट पेपर लीक के विरोध में अधिवक्ताओं ने किया प्रदर्शन।
दो टूक : लखनऊ के मोहनलालगंज कस्बे में अधिवक्ताओ ने निकाला मार्च, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की उठाई मांग।
विस्तार :
उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज मे गुरुवार को नीट परीक्षा पेपर लीक प्रकरण के विरोध में गुरुवार को मोहनलालगंज बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। महामंत्री रामलखन यादव, पूर्व अध्यक्ष श्रवण यादव एवं पूर्व अध्यक्ष केपी सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों अधिवक्ताओं ने हाथों में तख्तियां लेकर तहसील परिसर में प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग उठाई।इसके बाद अधिवक्ताओं ने तहसील परिसर से जुलूस निकालकर प्रयागराज-रायबरेली राजमार्ग होते हुए मौरावां तिराहे तक मार्च किया। इस दौरान "नीट पेपर लीक बंद करो", "युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो" और "दोषियों को कड़ी सजा दो" जैसे नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा।
प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं ने लाखों छात्रों और उनके अभिभावकों का भरोसा तोड़ा है। प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं से युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जा सकता।
मार्च के बाद अधिवक्ता पुनः तहसील परिसर पहुंचे, जहां समाजवादी पार्टी अधिवक्ता सभा के राष्ट्रीय सचिव श्रवण यादव के नेतृत्व में महामहिम राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार को सौंपा गया। ज्ञापन में नीट पेपर लीक प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई, प्रतियोगी परीक्षाओं में पूर्ण पारदर्शिता सुनिश्चित करने तथा अभ्यर्थियों के भविष्य की सुरक्षा के लिए प्रभावी व्यवस्था लागू करने की मांग की गई।अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि परीक्षा प्रणाली में सुधार और दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
