लखनऊ :
DCP साउथ मो० मुस्ताक ने अपराध गोष्ठी में थानेदारों के कसे पेंच, कहा दो टूक-लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त।।
अपराध गोष्ठी में कानून-व्यवस्था की समीक्षा, लंबित विवेचनाओं, महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और वांछितों की गिरफ्तारी पर दिया विशेष जोर।
दो टूक : लखनऊ दक्षिणी जोन के नवनियुक्त डीसीपी मो. मुश्ताक ने कार्यभार संभालने के बाद अपराध नियंत्रण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गुरुवार को दक्षिणी जोन पुलिस कार्यालय में अपराध गोष्ठी आयोजित की। बैठक में उन्होंने सभी एसीपी एवं थाना प्रभारियों के साथ कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की और साफ शब्दों में कहा कि अपराध तथा अपराधियों के प्रति किसी भी स्तर की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
विस्तार :
गुरुवार को नवनियुक्त डीसीपी मो० मुस्ताक ने दक्षिण जोन कार्यालय मे आयोजित बैठक के दौरान डीसीपी ने लंबित विवेचनाओं के शीघ्र एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण, महिला अपराधों की प्रभावी रोकथाम, साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई, वांछित एवं वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी तथा हिस्ट्रीशीटरों की लगातार निगरानी पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि हर थाना अपने क्षेत्र में अपराधियों पर पैनी नजर रखे और अपराध होने से पहले प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करे।
डीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों को नियमित पैदल गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों की सघन चेकिंग करने तथा संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराध पर अंकुश लगाने के साथ आमजन में सुरक्षा का भरोसा भी मजबूत होगा।
महिला सुरक्षा को प्राथमिकता बताते हुए उन्होंने मिशन शक्ति अभियान को और प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा साइबर ठगी और ऑनलाइन अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए लगातार अभियान चलाने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि जागरूकता ही साइबर अपराधों की रोकथाम का सबसे प्रभावी माध्यम है।
जनसुनवाई व्यवस्था को बेहतर बनाने पर भी डीसीपी ने विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि थानों पर आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत को गंभीरता से सुना जाए, उसके साथ संवेदनशील व्यवहार किया जाए और शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही वारंटी एवं वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने और अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
अपराध गोष्ठी में एडीसीपी रल्लापल्ली वसंथ कुमार सहित दक्षिणी जोन के सभी एसीपी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। बैठक के माध्यम से डीसीपी ने स्पष्ट संकेत दिया कि दक्षिणी जोन में अपराध नियंत्रण, बेहतर पुलिसिंग और जनता की शिकायतों के त्वरित समाधान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।
