रविवार, 26 जुलाई 2026

गोण्डा  : घर के आंगन मे खून-खराबा,जिद्दी बेटे ने बाप पर धारदार हथियार से हमलाकर किया लहूलुहान।||Gonda: Bloody in the courtyard of the house, stubborn son attacked his father with a sharp weapon, leaving him bleeding.||

शेयर करें:
गोण्डा  : 
घर के आंगन में खून-खराबा,जिद्दी बेटे ने बाप पर धारदार हथियार से हमलाकर किया लहूलुहान।
बेटे पर पिता पर जानलेवा हमले का आरोप, सिर और चेहरे पर कई वार से गांव में सनसनी।
।।वीरेन्द्र कुमार।।
दो टूक  : गोंडा जनपद के देहात कोतवाली क्षेत्र के बेसिया चैन ग्राम पंचायत स्थित भट्ठा गांव में रविवार को घर के आंगन मे खून-खराबा की हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। जहां एक जिद्दी बालक पर अपने ही पिता पर धारदार हथियार से जानलेवा हमला करने का आरोप है। हमले में गंभीर रूप से घायल पिता को उपचार के लिए परिजनों ने अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बाप बेटे के विवाद ने खूनी संघर्ष का रुप ले लिया। घटना की सूचना पाकर पहुंची पुलिस विरोधाभासी दावे के बीच मामले की छानबीन मे जुट गई है। 
घटना के बाद बच्चे की मौजूदगी को लेकर सामने आए अलग-अलग दावों ने पूरे मामले को और उलझा दिया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी हुई है।
विस्तार:
जानकारी के अनुसार थाना कोतवाली देहात क्षेत्र कज भट्ठा गांव निवासी 45 वर्षीय बिशन लाल रविवार दोपहर अपने बड़े बेटे को मजदूरी के लिए बाहर भेजने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनका 10 वर्षीय बेटा देवराज भी साथ जाने की जिद करने लगा। परिजनों के अनुसार, पिता द्वारा मना किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी । आरोप है कि इसके बाद बालक घर के अंदर गया और वहां रखा गंडासा उठाकर पिता पर लगातार कई वार कर दिए। हमले में बिशन लाल बुरी तरह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े।
घटना की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल बिशन लाल को तत्काल गोंडा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलने पर देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना के बाद बालक घर से चला गया था और उसकी तलाश की जा रही है। 
घायल के भाई श्याम मनोहर का कहना है कि बच्चा घर पर ही है और उन्हें पूरी घटना की जानकारी नहीं है। दोनों पक्षों के अलग-अलग दावों के चलते पुलिस हर पहलू की बारीकी से जांच कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मामले की जांच जारी है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, परिजनों और ग्रामीणों के बयान तथा अन्य तथ्यों का सत्यापन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। पुलिस का कहना है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी तथ्यों की पुष्टि की जाएगी।
●सीओ सिटी योगेन्द्र सिंह ने बताया कि - रविवार को थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के एक गांव मे रहने वाले मासूम बेटे ने किसी बात से नाराज होकर पिता पर धारदार हथियार से हमला कर घायल कर दिया। घयाल पिता का अस्पताल मे इलाज चल रहा पुलिस सभी बिन्दुओं पर जांच कर है।