गुरुवार, 23 जुलाई 2026

लखनऊ : जातिसूचक टिप्पणियों पर एसबीएसपी का प्रदर्शन,CM के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।।||Lucknow: SBSP protests against casteist remarks, submits memorandum to District Magistrate in the name of CM.||

शेयर करें:
लखनऊ : 
जातिसूचक टिप्पणियों पर एसबीएसपी का प्रदर्शन,CM के नाम जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन।।
दो टूक : सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) ने उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों में पिछड़े, अतिपिछड़े, दलित एवं अतिदलित समाज के सम्मान, सुरक्षा और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा की मांग को लेकर जिलाधिकारियों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। पार्टी ने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक नेताओं और समर्थकों द्वारा वंचित वर्गों के खिलाफ जातिसूचक एवं अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया जा रहा है, जिससे समाज में आक्रोश और असंतोष का माहौल है।
विस्तार :
एसबीएसपी ने अपने ज्ञापन में कहा कि किसी भी व्यक्ति या समुदाय के खिलाफ जातिसूचक एवं भेदभावपूर्ण टिप्पणी संविधान की मूल भावना, सामाजिक न्याय और समानता के सिद्धांतों के विपरीत है। पार्टी ने आरोप लगाया कि प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में गरीब एवं वंचित वर्गों के लोगों को कथित रूप से धमकाने, प्रताड़ित करने, उनकी जमीनों पर अवैध कब्जे के प्रयास करने तथा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के जरिए सामाजिक वैमनस्य फैलाने की घटनाएं सामने आ रही हैं।
पार्टी ने मांग की कि ऐसे सभी मामलों की निष्पक्ष जांच कर राजनीतिक प्रभाव या पद की परवाह किए बिना दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर नफरत फैलाने वालों के विरुद्ध साइबर कानूनों के तहत प्रभावी कार्रवाई, उत्पीड़न के मामलों की निष्पक्ष जांच, वंचित वर्गों के सम्मान एवं सुरक्षा के लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था तथा जातिवादी मानसिकता के विरुद्ध व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने की भी मांग की।
एसबीएसपी ने जिला प्रशासन से आग्रह किया कि ज्ञापन को मुख्यमंत्री तक शीघ्र प्रेषित किया जाए और संबंधित मामलों में निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
नोट: यह खबर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और उसमें लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की दो टूक मीडिया पुष्टि नहीं करता है।