गौतमबुद्धनगर: कचहेड़ा लेबर कैंप में सिलेंडर विस्फोट के बाद भीषण आग, छह दमकल गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, बड़ा हादसा टला!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। थाना बादलपुर क्षेत्र के ग्राम कचहेड़ा स्थित लेबर कैंप में बुधवार को घरेलू गैस सिलेंडर फटने से भीषण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते टीनशेड और झुग्गियों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग के दौरान कई सिलेंडरों के फटने जैसी तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि समय रहते स्थानीय पुलिस और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते बड़ा हादसा टल गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग इतनी तेजी से फैली कि मजदूरों को अपनी जान बचाकर बाहर निकलना पड़ा। देखते ही देखते कई झुग्गियां और टीनशेड जलकर राख हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर सर्विस की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) गौतमबुद्धनगर प्रदीप कुमार ने बताया कि 1 जुलाई 2026 को थाना बादलपुर क्षेत्र के ग्राम कचहेड़ा स्थित टीनशेड के लेबर कैंप में आग लगने की सूचना प्राप्त हुई थी। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस एवं फायर सर्विस की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आग की शुरुआत एक झोपड़ी में घरेलू उपयोग के छोटे गैस सिलेंडर के फटने से हुई, जिसके बाद आग तेजी से आसपास बने टीनशेड और झुग्गियों तक फैल गई।
आग की गंभीरता को देखते हुए फायर सर्विस की कुल छह दमकल गाड़ियों को मौके पर लगाया गया। दमकल कर्मियों ने करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि कई झुग्गियां और घरेलू सामान जलकर नष्ट हो गया।
फिलहाल पुलिस और फायर विभाग आग लगने के कारणों तथा हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कर रहे हैं। प्रशासन ने लोगों से गैस सिलेंडरों का सुरक्षित उपयोग करने तथा लेबर कैंप और अस्थायी बस्तियों में अग्नि सुरक्षा के मानकों का पालन करने की अपील की है।।
