गुरुवार, 2 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: इंस्टाग्राम पर सुसाइड वीडियो पोस्ट करने वाले ट्रक चालक की पुलिस ने बचाई जान, रियल-टाइम लोकेशन ट्रेस कर 20 मिनट में पहुंची टीम!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: इंस्टाग्राम पर सुसाइड वीडियो पोस्ट करने वाले ट्रक चालक की पुलिस ने बचाई जान, रियल-टाइम लोकेशन ट्रेस कर 20 मिनट में पहुंची टीम!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस की तत्परता, तकनीकी समन्वय और मानवीय संवेदनशीलता ने एक 38 वर्षीय ट्रक चालक की जान बचा ली। पत्नी से विवाद के बाद मानसिक अवसाद में आए व्यक्ति ने इंस्टाग्राम पर आत्महत्या संबंधी वीडियो पोस्ट कर दिया था। सोशल मीडिया पर पोस्ट सामने आते ही मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर, कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल और थाना दादरी पुलिस ने समन्वित कार्रवाई करते हुए महज 20 मिनट के भीतर उसकी लोकेशन ट्रेस कर उसे सुरक्षित बचा लिया।

पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में यह पूरी कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार 30 जून 2026 को थाना दादरी क्षेत्र के रहने वाले 38 वर्षीय व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के चलते मानसिक तनाव और अवसाद में आकर आत्महत्या करने से संबंधित वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया था।

इस पोस्ट के संबंध में उसी दिन सुबह 10:57 बजे मेटा कंपनी की ओर से मुख्यालय पुलिस महानिदेशक स्थित सोशल मीडिया सेंटर को ई-मेल के माध्यम से अलर्ट प्राप्त हुआ। पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार सोशल मीडिया सेंटर ने तत्काल संबंधित व्यक्ति की लोकेशन ट्रेस कर कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की मीडिया सेल को सूचना दी। इसके बाद मीडिया सेल ने बिना समय गंवाए थाना दादरी पुलिस को अलर्ट करते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

सूचना मिलते ही थाना दादरी पुलिस सक्रिय हो गई। जांच में पता चला कि संबंधित व्यक्ति ट्रक चलाते हुए लगातार आगे बढ़ रहा था। पुलिस टीम ने रियल-टाइम लोकेशन के आधार पर उसका पीछा शुरू किया और करीब 20 मिनट की लगातार कोशिशों के बाद उसे सुरक्षित रोक लिया।

जब पुलिसकर्मियों ने ट्रक की तलाशी ली तो पाया कि चालक अत्यधिक मानसिक तनाव और अवसाद की स्थिति में था। ट्रक के अंदर लगी लोहे की रॉड पर रस्सी का फंदा भी बंधा हुआ मिला, जिससे उसके आत्मघाती इरादों की पुष्टि हुई। पुलिस ने तत्काल उसे ट्रक से सुरक्षित नीचे उतारा, पानी पिलाया और शांत वातावरण में लगातार समझाकर उसकी मानसिक स्थिति सामान्य करने का प्रयास किया।

इस दौरान पुलिस ने उसके परिजनों को सोशल मीडिया पोस्ट और उसकी वर्तमान स्थिति की जानकारी देकर मौके पर बुलाया। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक काउंसलिंग और बातचीत के उपरांत व्यक्ति को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया।

पूछताछ के दौरान व्यक्ति ने बताया कि पत्नी से चल रहे विवाद के कारण वह मानसिक रूप से पूरी तरह टूट चुका था और अवसाद में चला गया था। इसी मानसिक स्थिति में उसने आत्महत्या करने का निर्णय लिया। उसने पुलिस को बताया कि यदि समय रहते पुलिस उसे नहीं रोकती तो वह किसी सुनसान स्थान पर ट्रक खड़ा कर अपनी जान दे देता।

पुलिस की काउंसलिंग के बाद व्यक्ति ने भविष्य में ऐसा कोई कदम नहीं उठाने का आश्वासन दिया। वहीं, उसके परिजनों ने समय पर कार्रवाई, मानवीय संवेदनशीलता और तत्परता दिखाने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस और गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिसकर्मियों की सराहना की।।