समाधान समारोह अभियान: सुप्रीम कोर्ट में लंबित सुलह-योग्य मामलों के निस्तारण के लिए 21 से 23 अगस्त तक विशेष लोक अदालत!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 02 जुलाई 2026। जनपद के उन वादकारियों के लिए राहत भरी खबर है, जिनके सुलह-योग्य मामले माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित हैं। ऐसे मामलों के त्वरित और सौहार्दपूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से "समाधान समारोह" अभियान के तहत 21, 22 एवं 23 अगस्त 2026 को जनपद गौतमबुद्धनगर में विशेष लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष पहल के माध्यम से आपसी सहमति और समझौते के आधार पर विवादों का सरल, शीघ्र और प्रभावी समाधान कराया जाएगा।
माननीय जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव के निर्देशों के क्रम में अपर जिला जज एवं सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत ने जानकारी देते हुए बताया कि इस विशेष लोक अदालत का उद्देश्य माननीय उच्चतम न्यायालय में लंबित ऐसे मामलों का निस्तारण कराना है, जिनमें दोनों पक्षों के बीच सुलह-समझौते की संभावना मौजूद है।
उन्होंने बताया कि जिन वादकारियों के मामले वर्तमान में उच्चतम न्यायालय में विचाराधीन हैं और जो आपसी सहमति से विवाद समाप्त करना चाहते हैं, उनके लिए यह विशेष लोक अदालत एक सुनहरा अवसर साबित होगी। लोक अदालत के माध्यम से विवादों का निस्तारण न केवल कम समय में होगा, बल्कि पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया और अनावश्यक खर्च से भी राहत मिलेगी।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने जनपद के नागरिकों से अपील की है कि जिन मामलों में समझौते की संभावना है, वे इस विशेष लोक अदालत का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और आपसी सहमति से अपने विवादों का स्थायी एवं सौहार्दपूर्ण समाधान सुनिश्चित करें। प्राधिकरण का मानना है कि लोक अदालतें न्याय को सरल, सुलभ और जनहितकारी बनाने की दिशा में एक प्रभावी माध्यम हैं, जो पक्षकारों के समय, धन और श्रम की बचत के साथ न्यायिक प्रक्रिया को भी गति प्रदान करती हैं।।
