गौतमबुद्धनगर: पीजी और हॉस्टलों में चोरी का आतंक खत्म: सेक्टर-126 पुलिस ने शातिर चोर को दबोचा, कई वारदातों का खुलासा!!
दो टूक//नोएडा। पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना सेक्टर-126 पुलिस ने पीजी, हॉस्टल, किराये के कमरों और फ्लैटों में लगातार चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी के 6 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल, ₹12,500 नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया है। इस कार्रवाई से कई थाना क्षेत्रों में हुई चोरी की घटनाओं का खुलासा हुआ है।
पुलिस आयुक्त के निर्देशन और एसीपी प्रथम के पर्यवेक्षण में सेक्टर-126 पुलिस की बड़ी सफलता
पुलिस आयुक्त श्रीमती लक्ष्मी सिंह के प्रभावी निर्देशन एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एसीपी प्रथम प्रवीण कुमार के कुशल पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी निरीक्षक सुमनेश विकल के नेतृत्व में थाना सेक्टर-126 पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस शातिर चोर को गिरफ्तार कर कई चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण किया। पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर बेहद पेशेवर तरीके से कार्रवाई करते हुए आरोपी तक पहुंच बनाई। इस सराहनीय कार्रवाई से क्षेत्र में पुलिस के प्रति लोगों का विश्वास और मजबूत हुआ है।
पुलिस के अनुसार एक पीड़ित ने थाना सेक्टर-126 में शिकायत दर्ज कराई थी कि उसके कमरे का दरवाजा खुला होने का फायदा उठाकर अज्ञात चोर दो लैपटॉप तथा उसके रूम पार्टनर का एक लैपटॉप, आधार कार्ड और ड्राइविंग लाइसेंस चोरी कर ले गया। शिकायत मिलते ही पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज कर विशेष टीम का गठन किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू कर दी।
जांच के दौरान गुरुवार को थाना सेक्टर-126 पुलिस ने गोपनीय सूचना के आधार पर सेक्टर-131 क्षेत्र से आरोपी बालन गोविन्दन को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से विभिन्न मामलों से संबंधित चोरी के 6 लैपटॉप, 7 मोबाइल फोन, चोरी की एक मोटरसाइकिल, चोरी के माल की बिक्री से प्राप्त ₹12,500 नकद, आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा एक अवैध चाकू बरामद किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह मूल रूप से तमिलनाडु का रहने वाला है और लंबे समय से नोएडा एवं एनसीआर क्षेत्र में रहकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहा था। वह पहले कई दिनों तक पीजी, हॉस्टल, किराये के मकानों और फ्लैटों की रेकी करता था। जहां सुरक्षा व्यवस्था कमजोर मिलती या कमरे खुले रहते, वहां मौका मिलते ही लैपटॉप, मोबाइल फोन, नकदी और अन्य कीमती सामान चोरी कर फरार हो जाता था।
आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि वह वारदातों के दौरान पहचान छिपाने के लिए चोरी की मोटरसाइकिल के अलावा कई बार ऐप आधारित बाइक सेवाओं का भी इस्तेमाल करता था। चोरी किए गए मोबाइल और लैपटॉप को वह सस्ते दामों पर बेच देता था या फिर पार्सल के माध्यम से अपने गृह राज्य तमिलनाडु भेजकर उनकी बिक्री करता था। विरोध होने की स्थिति में लोगों को डराने के लिए वह अपने पास अवैध चाकू भी रखता था।
पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध थाना सेक्टर-126, थाना सेक्टर-113 तथा थाना एक्सप्रेस-वे सहित विभिन्न थानों में चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। बरामद अन्य सामान के संबंध में भी पुलिस जांच कर रही है और आशंका है कि इससे कई अन्य चोरी की घटनाओं का भी खुलासा हो सकता है।।
