गौतमबुद्धनगर: जिला कारागार में विधिक सहायता व्यवस्था की पड़ताल, सचिव ने बंदियों से मिलकर जाना हाल!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर, 02 जुलाई। उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, गौतमबुद्धनगर के निर्देशों के क्रम में सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण शिवानी रावत ने गुरुवार को जिला कारागार, गौतमबुद्धनगर का मासिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कारागार की व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण करते हुए बंदियों से संवाद किया, उनकी समस्याएं सुनीं और विधिक सहायता से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के समय उप जेलर सुरजीत सिंह भी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान कारागार प्रशासन ने बताया कि वर्तमान में जिला कारागार में कुल 2,388 बंदी निरुद्ध हैं। सचिव शिवानी रावत ने किशोर बैरकों का विशेष रूप से निरीक्षण किया और वहां निरुद्ध किशोरों से उनके मुकदमों की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने किशोर बंदियों की समस्याओं को भी गंभीरता से सुना तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद सचिव ने जिला कारागार में संचालित लीगल एड सेल का निरीक्षण किया। उन्होंने वहां नियुक्त बंदी पैरालीगल वॉलंटियर (पीएलवी) द्वारा किए जा रहे कार्यों और संधारित अभिलेखों का अवलोकन किया। साथ ही बंदियों को उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सहायता की व्यवस्था का जायजा लेते हुए इसे और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने इस बात पर विशेष जोर दिया कि प्रत्येक पात्र बंदी को समयबद्ध और प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाए तथा कारागार में विधिक सेवाओं और बंदियों के अधिकारों से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित हों।।
