गाज़ियाबाद: चलती कार के डैशबोर्ड पर फन फैलाए बैठा मिला कोबरा, महिला चालक की सूझबूझ और ट्रैफिक पुलिस की बहादुरी से टला बड़ा हादसा!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//गाजियाबाद। इंदिरापुरम एलिवेटेड रोड पर बुधवार को एक ऐसा घटनाक्रम सामने आया, जिसने कुछ देर के लिए लोगों की सांसें थाम दीं। नोएडा की ओर जा रही एक चलती कार के डैशबोर्ड पर अचानक जहरीला कोबरा दिखाई देने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि महिला चालक की सूझबूझ और ट्रैफिक पुलिसकर्मी की साहसिक कार्रवाई के चलते एक बड़ा हादसा टल गया।
अचानक डैशबोर्ड पर दिखा जहरीला कोबरा
जानकारी के अनुसार राजनगर एक्सटेंशन निवासी मीनाक्षी अपनी कार से नोएडा स्थित कार्यालय जा रही थीं। जब उनकी कार इंदिरापुरम एलिवेटेड रोड पर कनावनी के पास पहुंची, तभी उनकी नजर कार के डैशबोर्ड पर बैठे जहरीले कोबरा पर पड़ी। चलते वाहन में कोबरा को देखकर वह घबरा गईं, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और तुरंत सूझबूझ का परिचय देते हुए कार को सुरक्षित स्थान पर रोककर बाहर निकल गईं।
ट्रैफिक पुलिस ने दिखाया साहस, सुरक्षित निकाला कोबरा
घटना की सूचना मिलते ही ट्रैफिक पुलिस और संबंधित टीम मौके पर पहुंची। इस दौरान एक ट्रैफिक पुलिसकर्मी ने बहादुरी और सतर्कता का परिचय देते हुए सावधानीपूर्वक कोबरा को कार से बाहर निकाला और उसे सुरक्षित तरीके से एक बोतल में बंद कर लिया। इसके बाद सांप को वन विभाग को सौंपने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई।
महिला की सतर्कता से टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि महिला चालक घबराकर कार पर नियंत्रण खो देतीं तो एलिवेटेड रोड पर बड़ा सड़क हादसा हो सकता था। लेकिन उन्होंने संयम बनाए रखा और सही समय पर कार रोककर अपनी जान के साथ-साथ अन्य वाहन चालकों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की।
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में ट्रैफिक पुलिसकर्मी को कार के अंदर से कोबरा को सुरक्षित बाहर निकालते हुए देखा जा सकता है। पुलिसकर्मी के साहस और महिला चालक की समझदारी की लोग जमकर सराहना कर रहे हैं।
गनीमत रही कि इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। महिला पूरी तरह सुरक्षित रहीं, जबकि कोबरा को भी बिना किसी नुकसान के पकड़ लिया गया। समय रहते किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के कारण एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।
