गुरुवार, 2 जुलाई 2026

गाज़ियाबाद: जन्मदिन की पार्टी बनी मौत का जाल: दोस्ती का भरोसा जीतकर मोहित की चाकुओं से हत्या, परिवार बोला—यह सुनियोजित साजिश!!

शेयर करें:

गाज़ियाबाद: जन्मदिन की पार्टी बनी मौत का जाल: दोस्ती का भरोसा जीतकर मोहित की चाकुओं से हत्या, परिवार बोला—यह सुनियोजित साजिश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गाजियाबाद। गाजियाबाद के थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक क्षेत्र में 23 वर्षीय मोहित शर्मा की धारदार हथियार से हत्या का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। परिजनों का आरोप है कि यह कोई सामान्य झगड़ा नहीं, बल्कि पहले से रची गई साजिश के तहत की गई निर्मम हत्या है। परिवार का कहना है कि कुछ महीने पहले हुए विवाद का बदला लेने के लिए आरोपियों ने पहले मोहित का विश्वास जीता, उसे हरिद्वार और खाटू श्याम की यात्रा पर साथ ले गए और फिर जन्मदिन की पार्टी के बहाने बुलाकर रात के अंधेरे में मौत के घाट उतार दिया।

घटना 1 जुलाई की देर रात की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, मोहित को जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए बुलाया गया था। आरोप है कि पार्टी के दौरान पहले विवाद हुआ और फिर रात करीब तीन बजे धारदार हथियार से उस पर कई वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही गंभीर हालत हो गई। पुलिस उसे तत्काल अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मोहित की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की बहन ने देव, न्याय, गौरव और हरि नामक युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए कहा कि यह पूरी वारदात पहले से तय योजना के तहत अंजाम दी गई। वहीं, मृतक की मां ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग भी उठाई है। परिवार का कहना है कि आरोपियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाना चाहिए।

पुलिस का दावा—पुरानी रंजिश और नशे में हुए विवाद के बाद हुई वारदात

मामले में सहायक पुलिस आयुक्त वेव सिटी श्रीमती प्रियाश्री पाल ने बताया कि 2 जुलाई की सुबह करीब 3:30 बजे थाना क्रॉसिंग रिपब्लिक पुलिस को यूपी-112 के माध्यम से सूचना मिली कि न्यू शांतिनगर क्षेत्र में मोहित शर्मा नामक युवक को कुछ लोगों ने चाकू मार दिया है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल एमएमजी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मोहित और उसके कुछ दोस्तों के बीच पहले भी विवाद हो चुका था। पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात सभी लोग पार्टी कर रहे थे और नशे की हालत में गाली-गलौज के दौरान विवाद बढ़ गया। इसी दौरान मोहित पर चाकू से हमला किया गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

तीन संदिग्ध हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। मामले में तीन संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और सभी पहलुओं की गहन जांच जारी है। पुलिस का कहना है कि जांच के दौरान जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अब यह मामला पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक ओर परिवार इसे सुनियोजित हत्या बता रहा है, तो दूसरी ओर पुलिस शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश और पार्टी के दौरान हुए विवाद को हत्या की वजह मान रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।।