शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: फावड़े से हमला कर जान से मारने की धमकी देने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, जारचा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी किया बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: फावड़े से हमला कर जान से मारने की धमकी देने वाला वांछित आरोपी गिरफ्तार, जारचा पुलिस ने घटना में प्रयुक्त हथियार भी किया बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस कमिश्नरेट की थाना जारचा पुलिस ने फावड़े से हमला कर मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त फावड़ा भी बरामद कर लिया है। आरोपी की गिरफ्तारी मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से की गई।

पुलिस के अनुसार, 16 जुलाई 2026 को थाना जारचा पुलिस ने ग्राम सैथली से ग्राम मिलक जाने वाले बंबे के पास से विवेक उर्फ विक्की (19 वर्ष) पुत्र बिजेंद्र सिंह, निवासी ग्राम नगला चमरू, थाना जारचा, को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया फावड़ा बरामद हुआ।

पुलिस जांच में सामने आया कि 2 मई 2026 को पीड़ित ने थाना जारचा में शिकायत दर्ज कराई थी कि विवेक उर्फ विक्की ने उसके और उसके भाई के साथ फावड़े से हमला कर गंभीर मारपीट की। इतना ही नहीं, आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए दोनों को जान से मारने की धमकी भी दी थी। पीड़ित की तहरीर के आधार पर थाना जारचा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। आखिरकार मैनुअल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की सहायता से आरोपी को दबोच लिया गया।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध दर्ज मुकदमे में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त फावड़ा बरामद होने से पुलिस को मामले की जांच में महत्वपूर्ण साक्ष्य भी प्राप्त हुए हैं।

गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि आपराधिक घटनाओं में शामिल आरोपियों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।।