शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

गौतमबुद्ध नगर में 19 जुलाई को होगी CAPF परीक्षा, चार केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम; नकल रोकने को प्रशासन पूरी तरह अलर्ट!!

शेयर करें:

गौतमबुद्ध नगर में 19 जुलाई को होगी CAPF परीक्षा, चार केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम; नकल रोकने को प्रशासन पूरी तरह अलर्ट!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//गौतमबुद्ध नगर। संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित सेंट्रल आर्म्ड पुलिस फोर्स (CAPF) परीक्षा-2026 को लेकर गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। आगामी 19 जुलाई (रविवार) को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में आयोजित होने वाली इस प्रतिष्ठित परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और नकलविहीन तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन और पुलिस ने व्यापक रणनीति बनाई है।

इसी क्रम में शुक्रवार को अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) अजीत कुमार सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापकों और पुलिस अधिकारियों के साथ परीक्षा संचालन से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।

एडीएम अजीत कुमार सिंह ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा से पहले सभी तैयारियां संघ लोक सेवा आयोग के निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरी कर ली जाएं। उन्होंने कहा कि परीक्षा की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारी आपसी समन्वय के साथ समय पर अपने-अपने ड्यूटी स्थल पर पहुंचकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करें।

बैठक में विशेष रूप से परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, पेयजल, बिजली और अन्य मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता की समीक्षा की गई। सेक्टर मजिस्ट्रेट और लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसरों को निर्देश दिए गए कि वे परीक्षा केंद्रों का पूर्व निरीक्षण कर सभी व्यवस्थाएं दुरुस्त होने की पुष्टि करें तथा किसी भी कमी को तत्काल दूर कराएं।

पुलिस विभाग को परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और अभ्यर्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा केंद्रों में प्रवेश के समय मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ डिवाइस समेत किसी भी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक गैजेट को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। इसके लिए प्रत्येक केंद्र पर कड़ी जांच व्यवस्था लागू रहेगी।

बैठक में संघ लोक सेवा आयोग द्वारा नामित अधिकारी मुकेश मीणा ने आयोग के दिशा-निर्देशों और परीक्षा संचालन की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी देते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

बैठक में डीसीपी मुख्यालय शव्या गोयल, जिला विद्यालय निरीक्षक चंद्रशेखर, सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, लोकल इंस्पेक्टिंग ऑफिसर, केंद्र व्यवस्थापक तथा जिला एवं पुलिस प्रशासन के अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन के अनुसार CAPF परीक्षा पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है।।