शुक्रवार, 17 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: हाईटेक नोएडा के गांव अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित, कांग्रेस ने सरकार और प्राधिकरण को घेरा; जनआंदोलन की चेतावनी!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: हाईटेक नोएडा के गांव अब भी मूलभूत सुविधाओं से वंचित, कांग्रेस ने सरकार और प्राधिकरण को घेरा; जनआंदोलन की चेतावनी!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

नोएडा विधानसभा-61 के गांवों और कॉलोनियों में टूटी सड़कें, जलभराव, जाम सीवर, पेयजल संकट और बदहाल सफाई व्यवस्था को लेकर सतेन्द्र शर्मा ने उठाए सवाल

दो टूक//नोएडा, 17 जुलाई 2026। देश के सबसे आधुनिक और योजनाबद्ध शहरों में शुमार नोएडा की चमक-दमक के बीच बसे विधानसभा-61 के अनेक गांव और कॉलोनियां आज भी मूलभूत नागरिक सुविधाओं के अभाव से जूझ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के स्टेट कोऑर्डिनेटर, बड़ौत (बागपत) प्रभारी एवं नोएडा के वरिष्ठ कांग्रेस नेता सतेन्द्र शर्मा ने शुक्रवार को प्रेस विज्ञप्ति जारी कर सरकार और नोएडा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि हाईटेक शहर के बीच बसे ग्रामीण क्षेत्रों की लगातार उपेक्षा की जा रही है, जिससे स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी है।

सतेन्द्र शर्मा ने कहा कि विधानसभा-61 के कई गांवों और कॉलोनियों में आज भी टूटी सड़कें, जाम सीवर, गंदगी, जलभराव, खराब स्ट्रीट लाइटें, पेयजल संकट और बदहाल सफाई व्यवस्था जैसी बुनियादी समस्याएं बनी हुई हैं। वहीं कई कॉलोनियों में सड़क और बिजली जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव है, जिसके कारण लोगों का दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीणों ने कई बार संबंधित विभागों और नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों से शिकायतें कीं, लेकिन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं हो सका। बरसात के मौसम में जलभराव और गंदगी के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो जाता है। कई स्थानों पर ओवरफ्लो हो रहे सीवर और क्षतिग्रस्त सड़कें दुर्घटनाओं का कारण बन रही हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा कि यदि शहर को वास्तव में स्मार्ट और विकसित बनाना है तो गांवों और कॉलोनियों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ना होगा। केवल बड़े-बड़े इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स से विकास की तस्वीर पूरी नहीं होती, बल्कि गांवों में रहने वाले नागरिकों को भी समान स्तर की सुविधाएं मिलनी चाहिए।

उन्होंने सरकार और प्राधिकरण से मांग की कि सभी गांवों की जर्जर सड़कों का शीघ्र निर्माण कराया जाए, सीवर और नालियों की नियमित सफाई सुनिश्चित हो, प्रत्येक मोहल्ले में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए, खराब स्ट्रीट लाइटों को तत्काल दुरुस्त किया जाए तथा सफाई व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाए। इसके अलावा गांवों में पार्क, सामुदायिक भवन और स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जाए।

सतेन्द्र शर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ग्रामीणों की समस्याओं का जल्द समाधान नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी ग्रामीणों के साथ मिलकर लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि "गांवों का विकास ही नोएडा के समग्र विकास की पहचान है। ग्रामीणों को उनका अधिकार और सम्मान मिलना ही चाहिए।"

कांग्रेस का कहना है कि नोएडा जैसे आधुनिक शहर में बसे गांवों की अनदेखी विकास के दावों पर सवाल खड़े करती है और अब समय आ गया है कि सरकार तथा प्राधिकरण ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करें।।