गौतमबुद्धनगर: सेंट्रल नोएडा में पुलिस का पैदल गश्त अभियान तेज, डीसीपी ने खुद संभाली कमान; संदिग्धों की सघन चेकिंग और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के दिए निर्देश!!
!!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा। कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास कायम रखने के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर द्वारा लगातार सघन सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस कमिश्नर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह ने एसीपी-2 सेंट्रल नोएडा जितेन्द्र कुमार सिंह के साथ थाना बिसरख क्षेत्र में पैदल गश्त (फुट पेट्रोलिंग) कर सुरक्षा व्यवस्था का व्यापक निरीक्षण किया।
फुट पेट्रोलिंग के दौरान डीसीपी ने क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, व्यस्त मार्गों और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान स्थानीय लोगों और व्यापारियों से संवाद कर उनकी समस्याओं की जानकारी भी ली गई तथा उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
निरीक्षण के दौरान डीसीपी ने थाना प्रभारी बिसरख को स्पष्ट निर्देश दिए कि क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की सघन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जाए। प्रत्येक संदिग्ध वाहन की गहन जांच की जाए ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, सड़क पर अव्यवस्था फैलाने वालों और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने क्षेत्र में तैनात सभी पीसीआर और पीआरवी वाहनों को लगातार भ्रमणशील रहने, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्रभाव से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस की सक्रिय मौजूदगी से अपराधियों में भय का माहौल बनेगा और आम नागरिक खुद को अधिक सुरक्षित महसूस करेंगे।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर का कहना है कि जनसुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और अपराध तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण बनाए रखने के लिए फुट पेट्रोलिंग, वाहन चेकिंग और निगरानी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
