सोमवार, 6 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट: दादरी में शांति समिति की बैठक, डीजे संचालकों और शिविर आयोजकों को दिए सख्त दिशा-निर्देश!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: कांवड़ यात्रा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस अलर्ट: दादरी में शांति समिति की बैठक, डीजे संचालकों और शिविर आयोजकों को दिए सख्त दिशा-निर्देश!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना दादरी परिसर में पुलिस अधिकारियों ने संभ्रांत नागरिकों, डीजे संचालकों और कांवड़ शिविर आयोजकों के साथ बैठक कर कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की।

यह बैठक पुलिस कमिश्नर गौतमबुद्धनगर श्रीमती लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में आयोजित की गई। बैठक में डीसीपी ग्रेटर नोएडा रविशंकर निम एवं एडीसीपी ग्रेटर नोएडा संतोष कुमार के पर्यवेक्षण में एसीपी-2 ग्रेटर नोएडा प्रशाली गंगवार ने सभी उपस्थित लोगों से संवाद किया और कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने का आह्वान किया।

बैठक के दौरान एसीपी प्रशाली गंगवार ने कहा कि जनपद में शांति एवं सौहार्द बनाए रखना सभी नागरिकों की साझा जिम्मेदारी है। किसी भी व्यक्ति को ऐसा कोई कार्य नहीं करना चाहिए जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो या आमजन को असुविधा का सामना करना पड़े। उन्होंने सभी से आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कांवड़ यात्रा को सफल बनाने की अपील की।

इस दौरान डीजे संचालकों के साथ विशेष बैठक कर उन्हें निर्धारित मानकों और प्रशासनिक नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ध्वनि प्रदूषण, यातायात बाधित करने अथवा अन्य नियमों का उल्लंघन करने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

कांवड़ शिविर आयोजकों को निर्देशित किया गया कि सभी शिविर केवल प्रशासन द्वारा चिन्हित स्थानों पर ही लगाए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे और श्रद्धालुओं के साथ-साथ आम नागरिकों को भी किसी प्रकार की परेशानी न हो।

बैठक में वर्षा ऋतु को देखते हुए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि शिविरों में लगाए गए विद्युत उपकरणों की नियमित जांच की जाए ताकि शॉर्ट सर्किट या अन्य दुर्घटनाओं से बचा जा सके। साथ ही प्रत्येक शिविर में आपातकालीन मेडिकल किट उपलब्ध रखने के भी निर्देश दिए गए, जिससे किसी भी आपात स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार मिल सके।

इसके अलावा कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने, श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा प्रशासन और आयोजन समितियों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

गौतमबुद्धनगर पुलिस ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने सभी नागरिकों, आयोजकों और श्रद्धालुओं से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या समस्या की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न हो सके।।