गौतमबुद्धनगर: करोड़ों की सोसायटी, सुरक्षा फेल: महिला को बंधक बनाकर बच्चों को गोली मारने की धमकी, 15 लाख के जेवरात और नकदी लूटी!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा: शहर की पॉश और हाई-प्रोफाइल रिहायशी सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है। सूरजपुर थाना क्षेत्र स्थित पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी में दिनदहाड़े हुई सनसनीखेज लूट की वारदात ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी है। एक बेखौफ बदमाश विला में घुसा, घर में अकेली मौजूद महिला को चाकू की नोक पर बंधक बना लिया और उसके बच्चों को गोली मारने की धमकी देकर करीब 15 लाख रुपये के जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गया। यही नहीं, सोसायटी में दो अन्य घरों में भी चोरी की घटनाएं सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसायटी निवासी अपर्णा राय घटना के समय घर पर अकेली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात बदमाश जबरन उनके घर में घुस आया। आरोपी ने चाकू दिखाकर महिला को बंधक बना लिया और विरोध करने पर उनके बच्चों को गोली मारने की धमकी दी। बदमाश की धमकी से महिला पूरी तरह सहम गई और डर के साए में घर में रखे कीमती जेवरात और नकदी उसे सौंपने को मजबूर हो गई। आरोपी करीब 15 लाख रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी लेकर मौके से फरार हो गया। वारदात के बाद महिला और उनका परिवार गहरे सदमे में है, जबकि पूरी सोसायटी में भय और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान सोसायटी के दो अन्य घरों में भी चोरी की वारदातें हुई हैं। एक ही इलाके में लूट और चोरी की लगातार घटनाओं ने करोड़ों रुपये के फ्लैट और विला में रहने वाले लोगों की सुरक्षा पर सवाल खड़े कर दिए हैं। निवासी अब खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आक्रोशित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही सूरजपुर थाना पुलिस, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और सोसायटी में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में लेकर बदमाश की पहचान के प्रयास तेज कर दिए हैं। सुरक्षा गार्डों और सोसायटी के कर्मचारियों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना के बाद सोसायटी के निवासियों ने सुरक्षा एजेंसी और प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये के फ्लैट और विला होने के बावजूद सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह फेल साबित हुई है। यदि प्रवेश व्यवस्था, विजिटर वेरिफिकेशन और निगरानी व्यवस्था मजबूत होती तो इस तरह की वारदात को रोका जा सकता था। लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल मजबूत करने और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा। वहीं, एक ही सोसायटी में लूट और चोरी की वारदातों ने ग्रेटर नोएडा की हाई-राइज और पॉश सोसायटियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।।
