गौतमबुद्धनगर: शादी की खुशियां मातम में बदलने से बचीं: ग्रेटर नोएडा के मैरिज होम में घुसे दबंगों का तांडव, दूल्हा-दुल्हन के मेहमानों में मची भगदड़!!
दो टूक//ग्रेटर नोएडा के जेवर थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के दौरान दबंगई का सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां स्थित डी ग्राउंड होटल एंड मैरिज होम में चल रहे विवाह समारोह के बीच 6 से 8 युवक अचानक अंदर घुस आए और एक युवक को निशाना बनाते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी। देखते ही देखते मैरिज हॉल में अफरा-तफरी और भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। समारोह में मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य मेहमानों में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आरोपी बिना किसी डर के मैरिज होम में घुसे और लात-घूंसों से युवक की पिटाई कर दी। घटना के दौरान वहां मौजूद लोगों ने बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन दबंगों के आक्रामक रवैये के चलते कोई उनका विरोध नहीं कर सका। कुछ देर तक हंगामा करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
पूरी वारदात मैरिज होम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी खुलेआम मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलने पर जेवर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और पीड़ित पक्ष की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली। पुलिस ने वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान कर जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
इस घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक आयोजनों और शादी समारोहों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किए जाने की बात कह रही है।।
