सोमवार, 6 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ई-रिक्शा चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार; चोरी के वाहन, चैसिस और अवैध चाकू बरामद!!

शेयर करें:

गौतमबुद्धनगर: दादरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: ई-रिक्शा चोर गिरोह का भंडाफोड़, दो शातिर गिरफ्तार; चोरी के वाहन, चैसिस और अवैध चाकू बरामद!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//ग्रेटर नोएडा। गौतमबुद्धनगर पुलिस ने ई-रिक्शा चोरी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना दादरी पुलिस ने मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के दो ई-रिक्शा, एक ई-रिक्शा का चैसिस तथा दो अवैध चाकू बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार सोमवार 6 जुलाई 2026 को थाना दादरी पुलिस ने जारचा अंडरपास से बाईपास की ओर जाने वाले मार्ग पर घेराबंदी कर नीटू पुत्र किशन सिंह और सोनू भारती पुत्र भावीचंद्र भारती को गिरफ्तार किया। पूछताछ और उनकी निशानदेही पर मुकदमा संख्या 242/2026 एवं 272/2026 से संबंधित चोरी के दो ई-रिक्शे, एक ई-रिक्शा का चैसिस तथा दोनों आरोपियों के पास से एक-एक अवैध चाकू बरामद किए गए।

पूछताछ में हुए चौंकाने वाले खुलासे

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर तीन ई-रिक्शों की चोरी की थी। इनमें से दो ई-रिक्शे दादरी की नवीन मंडी के पास से चोरी किए गए थे, जबकि तीसरा ई-रिक्शा गाजियाबाद से चोरी किया गया था।

आरोपियों ने बताया कि गाजियाबाद से चोरी किए गए ई-रिक्शे के पहिए, बैटरी और अन्य कीमती पुर्जे राह चलते लोगों को बेच दिए थे। इन पुर्जों को बेचकर मिली रकम उन्होंने अपने निजी खर्चों में खर्च कर दी। वाहन का चैसिस पहचान छिपाने के उद्देश्य से झाड़ियों में छिपाकर रख दिया था, जिसे पुलिस ने उनकी निशानदेही पर बरामद कर लिया।

पहले भी दर्ज हैं कई मुकदमे

पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले भी आपराधिक मामलों में जेल जा चुके हैं। उनके खिलाफ दादरी थाने में ई-रिक्शा चोरी के कई मुकदमे दर्ज हैं। इसके अलावा आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के मामलों में भी उनका आपराधिक इतिहास सामने आया है। इससे स्पष्ट है कि दोनों लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों में सक्रिय थे।

बरामदगी में शामिल

  • चोरी के 2 ई-रिक्शा
  • चोरी किए गए ई-रिक्शे का 1 चैसिस
  • 2 अवैध चाकू

पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी की अन्य घटनाओं के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में भी जुटी है कि चोरी के वाहनों और उनके पुर्जों को किन लोगों के माध्यम से बेचा जाता था। आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।।