गौतमबुद्धनगर:-जेवर में मैरिज होम में वेटर से मारपीट का मामला: मुख्य आरोपी समेत दो गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल!!
दो टूक//गौतमबुद्धनगर। जेवर कस्बे के एक मैरिज होम में कार्यरत वेटर के साथ गाली-गलौज और मारपीट करने के मामले में जेवर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि घटना की शिकायत मिलते ही मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई थी, जिसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, वादी ने थाना जेवर में दी गई तहरीर में आरोप लगाया था कि ललित पुत्र अशोक उर्फ पप्पू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मैरिज होम में कार्यरत एक वेटर के साथ अभद्रता, गाली-गलौज और मारपीट की। घटना के बाद पीड़ित पक्ष की शिकायत पर तत्काल संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान थाना जेवर पुलिस ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए ललित पुत्र अशोक छोंकर निवासी मोहल्ला सल्लियान, कस्बा जेवर तथा तुषार तोमर पुत्र राजकुमार निवासी हौली चौक, कस्बा जेवर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस ने बताया कि मामले में अन्य आवश्यक विधिक कार्रवाई भी की जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार मुख्य आरोपी ललित छोंकर के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध मारपीट, धमकी, खनन अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में चार मुकदमे दर्ज हैं। वहीं तुषार तोमर के खिलाफ भी पूर्व में मारपीट, बलवा और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज हो चुका है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव फैलाने वालों के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या मारपीट की घटनाओं को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।।
