सोमवार, 6 जुलाई 2026

गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, तीन शातिर गिरफ्तार!!

शेयर करें:


गौतमबुद्धनगर: नोएडा पुलिस का बड़ा एक्शन: अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, 12 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद, तीन शातिर गिरफ्तार!!

 !!वरिष्ठ संवाददाता देव गुर्जर!!

दो टूक//नोएडा। गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट पुलिस ने वाहन चोरी की वारदातों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय एक अंतर्राज्यीय बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश किया है। थाना फेस-2 पुलिस ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे और निशानदेही से चोरी की 12 मोटरसाइकिलें, एक फर्जी नंबर प्लेट और तीन अवैध चाकू बरामद किए हैं। पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी लंबे समय से नोएडा, गाजियाबाद और दिल्ली में सुनियोजित तरीके से दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे।

पुलिस ने बताया कि 5 जुलाई 2026 को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना के आधार पर निम्मी विहार पुस्ता के पास घेराबंदी कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान फरदीन उर्फ सोहेल, फैजान उर्फ कल्लू और फिरोज के रूप में हुई है। तीनों गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र के रहने वाले हैं।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे घरों के बाहर, साप्ताहिक बाजारों तथा दुकानों के बाहर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते थे। चोरी के दौरान यदि कोई विरोध करता या पकड़ने का प्रयास करता था तो उसे डराने-धमकाने के लिए अपने पास अवैध चाकू रखते थे। चोरी की गई मोटरसाइकिलों को फर्जी नंबर प्लेट लगाकर कम कीमत में बेच देते थे और उससे मिलने वाले पैसों को अपने शौक और मौज-मस्ती पर खर्च करते थे।

बरामद 12 मोटरसाइकिलों में से दो वाहन थाना फेस-2 क्षेत्र से चोरी हुए थे, जबकि तीन मोटरसाइकिलों के संबंध में दिल्ली के ई-पुलिस स्टेशन एमवी थेफ्ट में मुकदमे दर्ज हैं। अन्य बरामद मोटरसाइकिलों के संबंध में पुलिस जानकारी जुटा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किन क्षेत्रों से चोरी की गई थीं।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार तीनों आरोपी पहले से ही आपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहे हैं। इनके खिलाफ गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद और दिल्ली में वाहन चोरी, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, आबकारी अधिनियम सहित कई गंभीर धाराओं में अनेक मुकदमे दर्ज हैं। फरदीन के खिलाफ सबसे अधिक आपराधिक मामले दर्ज पाए गए हैं, जबकि फैजान और फिरोज का भी लंबा आपराधिक इतिहास सामने आया है।

पुलिस का मानना है कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से दिल्ली-एनसीआर में सक्रिय वाहन चोरी के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। साथ ही पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों और चोरी के वाहनों की खरीद-फरोख्त से जुड़े लोगों की भी तलाश कर रही है।

थाना फेस-2 पुलिस की इस कार्रवाई को वाहन चोरी पर बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।।